गोपालगंज: धनेश्वरनाथ मंदिर सिंहासनी धाम हर हाल में होगा विकसित- मंत्री
दो दिवसीय होगा अगले वर्ष आयोजित होने वाला सिंहासनी महोत्सव
गोपालगंज- जिले का ऐतिहासिक धनेश्वरनाथ मंदिर सिंहासनी शीघ्र ही विकसित होगा। इसके लिए चाहे 400 करोड़ की राशि भी खर्च करना पड़े तो पर्यटन एवं कला संस्कृति विभाग पीछे नहीं हटेगा। सिंहासनी धनेश्वरनाथ मंदिर को पर्यटन स्थल का दर्जा हर हाल में दिया जाएगा। यह बातें सुबें के कला संस्कृति मंत्री प्रमोद कुमार ने कही।
वे यहां रविवार को कला संस्कृति विभाग द्वारा आयोजित सिंहासनी महोत्सव का उद्घाटन कर रहे थे। दीप प्रज्वलन एवं उद्घाटन के बाद समारोह को संबोधित करते हुए मंत्री प्रमोद कुमार ने कहा कि सिंहासनी गांव में अब प्रति वर्ष सिंहासनी महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि गोपालगंज जिले में थावे महोत्सव का आयोजन किया जाता है। अब प्रतिवर्ष सिंहासनी महोत्सव का भी आयोजन किया जाएगा। अगले वर्ष आयोजित होने वाली सिंहासनी महोत्सव दो दिवसीय होगी।
उन्होंने कहा कि जब वे झंडोत्तोलन के दौरान सिवान पहुंचे थे, तो स्थानीय विधायक मिथिलेश तिवारी ने उन्हें धनेश्वर नाथ मंदिर आने का न्योता दिया था। तब से वे सिंहासनी मंदीर के विकास के लिए तत्पर हैं। उन्होंने कहा कि जिस तरह देवघर स्थित बैजनाथ धाम प्रसिद्ध है, उसी तरह सिंहासनी धाम को भी विकसित किया जाएगा।
रिपोर्ट:- नीरज कुमार सिंह
गोपालगंज (बिहार)