डॉ० संजय (हाजीपुर)-
जिलाधिकारी, वैशाली, वर्षा सिंह वैशाली जिले के महुआ प्रखंड में मास ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन (एमडीए) अभियान का विधिवत शुभारंभ किया। जिलाधिकारी,वर्षा सिंह ने उप-अनुमंडलीय अस्पताल, महुआ तथा पंचायत सुपौल तरिया के ग्राम- जिरवाड़ा में आयोजित मेगा शिविर में अभियान की शुरुआत की और आमजन से दवा सेवन कर इस जनस्वास्थ्य अभियान को सफल बनाने की अपील की।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने उप-अनुमंडलीय अस्पताल, महुआ का निरीक्षण भी किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्वच्छता व्यवस्था, अभिलेखों के अद्यतन संधारण, दवा उपलब्धता तथा मरीजों को प्रदान की जा रही सरकारी सुविधाओं की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि अस्पतालों में सेवा की गुणवत्ता, पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित की जाए तथा प्रत्येक मरीज को सम्मानपूर्वक और प्रभावी स्वास्थ्य सेवा उपलब्ध हो।
जिलाधिकारी ने बताया कि महुआ एवं चेहराकला प्रखंड फाइलेरिया की दृष्टि से उच्च स्थानिकता वाले क्षेत्र हैं। इन क्षेत्रों में 240 मेगा शिविर स्थलों की स्थापना की गई है जहां एक ही दिन में अधिकतम लोगों को दवा सेवन कराने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने कहा कि एमडीए अभियान का उद्देश्य संक्रमण की श्रृंखला को तोड़ते हुए फाइलेरिया उन्मूलन की दिशा में ठोस परिणाम प्राप्त करना है। यह अभियान स्वास्थ्य विभाग के नेतृत्व में विभिन्न विभागों के समन्वय एवं व्यापक जनसहभागिता से संचालित किया जा रहा है।
कार्यक्रम का राज्य स्तर से सीधा प्रसारण बिहार के स्वास्थ्य मंत्री, मंगल पांडेय द्वारा किया गया। इस अवसर पर सिविल सर्जन, डॉ. श्याम नंदन प्रसाद, अनुमंडल पदाधिकारी, महुआ,विवेक चंद्र पटेल सहित अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में डीपीओ, आईसीडीएस, प्रतिभा कुमारी, डीपीएम, डॉ. मनोज कुमार, पिरामल प्रतिनिधि, दीपिका, पीयूष चंद्र, कृष्णदेव, उप-अनुमंडलीय अस्पताल के उपाधीक्षक, डॉ. मनोरंजन कुमार, एमओआईसी, डॉ. अभिषेक, अस्पताल प्रबंधक, तनवीर कौसर, बीएचएम, चंदन कुमार, बीसीएम, आफताब आलम सहित चिकित्सकगण, स्वास्थ्यकर्मी एवं अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।
अंत में जिलाधिकारी,वर्षा सिंह ने दोहराया कि जिला प्रशासन सतत निगरानी, प्रभावी क्रियान्वयन एवं जनसहयोग के माध्यम से वैशाली को फाइलेरिया मुक्त जिला बनाने के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है। उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि वे दवा का सेवन कर इस अभियान को सफल बनाने में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें।
