मृगांक शेखर सिंह/ जमुई जिले में शांति भंग करने वालों के विरुद्ध ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति, सोशल मीडिया पर रहेगी पैनी नजर।जमुई: आगामी रामनवमी एवं चैती दुर्गा पूजा के पावन अवसर पर जिले में शांति, सुदृढ़ विधि-व्यवस्था और सांप्रदायिक सौहार्द के वातावरण को अक्षुण्ण बनाए रखने हेतु जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय और मुस्तैद है। इसी क्रम में आज जिला मुख्यालय स्थित सदर थाना चौक से पुरानी बाजार, नीमा और भछियार होते हुए निमारंग तक एक विशाल फ्लैग मार्च निकाला गया।

इस मार्च का नेतृत्व स्वयं जिला पदाधिकारी श्री नवीन एवं पुलिस अधीक्षक श्री विश्वजीत दयालने किया। अधिकारियों के इस पैदल मार्च से जहाँ एक ओर आम नागरिकों में सुरक्षा और विश्वास का भाव जागृत हुआ, वहीं दूसरी ओर असामाजिक तत्वों के बीच प्रशासनिक सतर्कता और अनुशासन का स्पष्ट संदेश गया।मुख्यालय के साथ-साथ जिले के सभी अनुमंडलों और प्रखंडों में भी प्रशासन की चाक-चौबंद मुस्तैदी नजर आई। जिला पदाधिकारी के विशेष निर्देशानुसार, झाझा में अनुमंडल पदाधिकारी एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में फ्लैग मार्च किया गया।
जिले के अन्य सभी प्रखंडों में भी संबंधित प्रखंड विकास पदाधिकारी सह अंचल अधिकारी और स्थानीय थानाध्यक्षों ने आपसी समन्वय स्थापित करते हुए अपने-अपने क्षेत्रों के संवेदनशील स्थलों का सघन भ्रमण किया। इस दौरान अधिकारियों ने स्थानीय प्रबुद्ध नागरिकों एवं शांति समितियों के सदस्यों से संवाद स्थापित कर भाईचारे का संदेश प्रसारित किया और यह स्पष्ट किया कि पर्व का उल्लास किसी भी परिस्थिति में बाधित नहीं होने दिया जाएगा।
इस अवसर पर जिला पदाधिकारी श्री नवीन और पुलिस अधीक्षक श्री विश्वजीत दयाल ने संयुक्त रूप से कड़ा संदेश देते हुए कहा कि जिला प्रशासन त्योहारों के दौरान उपद्रव करने वाले या सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश करने वाले किसी भी व्यक्ति के विरुद्ध ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति अपनाएगा। पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि सोशल मीडिया की गतिविधियों पर जिला साइबर सेल द्वारा चौबीसों घंटे पैनी नजर रखी जा रही है।
किसी भी प्रकार की भ्रामक खबर, आपत्तिजनक पोस्ट या धार्मिक विद्वेष फैलाने वाले तत्वों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध कठोरतम कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।प्रशासन ने सभी जिलेवासियों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और आपसी प्रेम, श्रद्धा एवं सद्भाव के साथ त्योहार मनाएं। सुरक्षा के दृष्टिकोण से संवेदनशील क्षेत्रों में मजिस्ट्रेट और पुलिस बल की तैनाती के साथ-साथ सादे लिबास में भी विशेष दस्ते तैनात किए गए हैं, जो हर संदिग्ध गतिविधि पर नजर रखेंगे। जिला प्रशासन हर नागरिक की सुरक्षा और शांतिपूर्ण वातावरण के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है।
