छपरा में गैस आपूर्ति पर प्रशासन सख्त: 24 घंटे में शिकायत निपटाने का अल्टीमेटम

Rakesh Gupta
फोटो: गैस प्रतिनिधियों के साथ बैठक करते जिलाधिकारी-एसपी व अन्य
- Sponsored Ads-

बैठक में बड़ा फैसला: बैकलॉग खत्म कर तेज होगी गैस डिलीवरी, पीएनजी कनेक्शन में भी आएगी तेजी


छपरा। रसोई गैस की आपूर्ति और वितरण व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव एवं वरीय पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार ने सोमवार को सभी आयल कंपनियों के स्थानीय प्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक कर कई कड़े निर्देश जारी किए।

- Sponsored Ads-


बैठक में गैस उपभोक्ताओं से मिल रही शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि किसी भी शिकायत का हर हाल में 24 घंटे के भीतर निपटारा सुनिश्चित किया जाए। साथ ही गैस डिलीवरी में हो रहे बैकलॉग को तत्काल कम कर उपभोक्ताओं के प्रतीक्षा समय को घटाने का निर्देश दिया गया। इसके लिए विभिन्न एजेंसियों के बीच सिलिंडर स्टॉक का दैनिक आधार पर संतुलित एवं युक्तिसंगत वितरण सुनिश्चित करने को कहा गया।


जिला आपूर्ति नियंत्रण कक्ष में प्राप्त कुल 632 शिकायतों में से 574 का निष्पादन किया जा चुका है, जबकि शेष 58 लंबित शिकायतों को शीघ्र निपटाने का निर्देश दिया गया। प्रशासन ने गैस एजेंसियों की कार्यप्रणाली पर कड़ी निगरानी रखने के लिए सभी एजेंसियों पर दंडाधिकारियों एवं पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की दैनिक रिपोर्ट लेने का भी आदेश दिया है।


बैठक में पीएनजी कनेक्शन के विस्तार पर भी जोर दिया गया। जिलाधिकारी ने संबंधित एजेंसियों को मानव बल बढ़ाकर कार्य में तेजी लाने और समयबद्ध तरीके से लक्ष्य पूरा करने का निर्देश दिया। वर्तमान में जिले में 11,022 घरों में पीएनजी कनेक्शन उपलब्ध कराया जा चुका है।
गैस उपभोक्ताओं की समस्याओं के समाधान के लिए जिला उत्पाद नियंत्रण कक्ष के दूरभाष संख्या 06152-245023 एवं 245026 जारी हैं, जहां सुबह 7 बजे से रात 9 बजे तक शिकायत दर्ज कराई जा सकती है।


बैठक में जिला आपूर्ति पदाधिकारी, आईओसीएल एवं एचपीसीएल के प्रतिनिधि, सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन के अधिकारी, पीएनजी कार्य से जुड़ी एजेंसियों के प्रतिनिधि एवं सभी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी उपस्थित थे। जबकि सभी अनुमंडल पदाधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े थे ।

- Sponsored Ads-
Share This Article
Leave a Comment