सारण:ड्यूटी के दौरान घायल एसआई ताज मोहम्मद खान का पटना में इलाज के दौरान निधन, पुलिस महकमे में शोक

Rakesh Gupta
- Sponsored Ads-

एकमा (सारण): सारण जिले के एकमा थाना में पदस्थापित लगभग 57 वर्षीय एसआई ताज मोहम्मद खान का सड़क दुर्घटना में घायल होने के बाद मंगलवार की सुबह पटना स्थित जयप्रभा मेदांता अस्पताल में इलाज के दौरान निधन हो गया। उनके निधन की खबर मिलते ही पूरे पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई।


रिश्तेदार आसिफ खान व विभागीय सूत्रों के अनुसार, बीते शनिवार को नगर पंचायत एकमा बाजार के गंजपर गांव स्थित यशोदा भारत गैस एजेंसी गोदाम पर गैस सिलेंडर वितरण के दौरान उनकी ड्यूटी लगाई गई थी। जिला प्रशासन के निर्देश के बावजूद उपभोक्ताओं की भीड़ जमा हो रही थी। इसी दौरान वे एक उपभोक्ता को समझाने के लिए एकमा-मांझी सड़क किनारे पहुंचे, तभी एक तेज रफ्तार टोटो ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी थी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए थे।

- Sponsored Ads-


घटना के बाद अफरा-तफरी के बीच स्थानीय लोगों और पुलिसकर्मियों की मदद से उन्हें एकमा के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए पटना रेफर किया गया, जहां जयप्रभा मेदांता अस्पताल पटना र्में उनका इलाज चल रहा था। बाद में उन्हें सीएनएस अस्पताल भी रेफर किया गया, लेकिन मंगलवार की सुबह इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के रेवती निवासी ताज मोहम्मद खान आगामी वर्षों में सेवानिवृत्त होने वाले थे। उनके परिवार में पत्नी जमरुल खातून, दो बेटियां और तीन बेटे हैं, जिनमें एक पुत्र की शादी अभी शेष है।


मृत्यु के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए पीएमसीएच ले जाया गया, जहां प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव छपरा पुलिस लाइन लाया जाएगा।
घटना की सूचना मिलते ही एकमा थाना में शोक की लहर छा गई। थानाध्यक्ष रामबालक यादव ने बताया कि दुर्घटना के संबंध में कांड दर्ज कर अनुसंधान किया जा रहा था, तभी उनके निधन की दु:खद सूचना मिली। उन्होंने कहा कि ताज मोहम्मद खान एक कर्तव्यनिष्ठ, ईमानदार और मिलनसार पुलिस अधिकारी थे, जिनकी कमी हमेशा महसूस की जाएगी।


थाना परिसर में शोक जताने वालों में एसआई भरत साह, संजय कुमार, विनायक राम, नवल किशोर सिंह, सुरेश राम, जावेद आलम, सुबोध पासवान सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी और कर्मी मौजूद रहे। वहीं समाजसेवी योगेंद्र शर्मा, सूबेदार मेजर नीरज राय, रणधीर सिंह समेत कई लोगों ने श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।

- Sponsored Ads-
Share This Article
Leave a Comment