छात्राओं में विज्ञान के प्रति रुचि बढ़ाने के लिए स्टार व मून गेजिंग क्लब बनाने के निर्देश
छपरा। शहर के डाक बंगला रोड स्थित राजकीय कन्या उच्च विद्यालय में नवनिर्मित एस्ट्रोनॉमी लैब का जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने आज निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने लैब के प्रभावी संचालन एवं छात्राओं के शैक्षणिक लाभ को सुनिश्चित करने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने बताया कि यह अत्याधुनिक लैब इसरो से मान्यता प्राप्त एजेंसी द्वारा स्थापित की गई है। उन्होंने एजेंसी को एक सुव्यवस्थित करिकुलम विकसित करने का निर्देश दिया, ताकि छात्राओं को खगोल विज्ञान की बेहतर एवं व्यावहारिक जानकारी मिल सके।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने शिक्षकों को आवश्यक प्रशिक्षण प्रदान करने तथा छात्र-छात्राओं के लिए लैब में शैक्षणिक परिभ्रमण हेतु रोस्टर तैयार कर नियमित अवलोकन सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया।
उन्होंने स्थानीय स्तर पर स्टार गेजिंग क्लब एवं मून गेजिंग क्लब के गठन की पहल करने को कहा, ताकि छात्राएं टेलिस्कोप के माध्यम से खगोलीय पिंडों का प्रत्यक्ष अवलोकन कर सकें। इसके लिए उपयुक्त स्थानों को चिन्हित कर आवश्यक कार्रवाई करने का भी निर्देश दिया गया।
मालूम हो कि 07 अप्रैल को सांसद सारण श्री राजीव प्रताप रूडी एवं माननीय सांसद महराजगंज श्री जनार्दन सिंह सिग्रीवाल सहित अन्य जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में इस एस्ट्रोनॉमी लैब का उद्घाटन किया गया था।
यह लैब जिलाधिकारी की पहल पर ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ योजना एवं विद्यालय कोष की निधि से विकसित की गई है।
जिलाधिकारी ने कहा कि इसी तर्ज पर जिले के मढ़ौरा एवं सोनपुर अनुमंडल में भी शीघ्र ही रोबोटिक्स लैब एवं एआई लैब स्थापित किए जाएंगे, जिससे छात्र-छात्राओं को आधुनिक तकनीकी शिक्षा से जोड़ा जा सके।
