छपरा। गांधी उच्च विद्यालय, दौलतगंज के एक शिक्षक की उपस्थिति को लेकर लगाए गए आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए छपरा की विधायक श्रीमती छोटी कुमारी ने कहा कि उनके द्वारा विद्यालय निरीक्षण के दौरान की गई कार्रवाई उपलब्ध अभिलेखों और उस समय की स्थिति के आधार पर की गई थी। इसमें किसी प्रकार का व्यक्तिगत या राजनीतिक पूर्वाग्रह नहीं है।
विधायक श्रीमती छोटी कुमारी ने कहा कि जनप्रतिनिधि के पति हों या कोई आम शिक्षक—सभी के लिए नियम समान रूप से लागू होते हैं। विद्यालय जैसी महत्वपूर्ण संस्था में कोई भी व्यक्ति प्रभाव या धौंस के आधार पर अनुपस्थित नहीं रह सकता। कानून और व्यवस्था के सामने सभी समान हैं।
उन्होंने कहा कि शिक्षा जैसे पवित्र क्षेत्र में अनुशासन और जिम्मेदारी सर्वोपरि है। बच्चों के भविष्य के साथ किसी प्रकार का खिलवाड़ स्वीकार्य नहीं किया जा सकता। विद्यालयों में शिक्षकों की नियमित उपस्थिति और कर्तव्यनिष्ठा सुनिश्चित करना समाज और व्यवस्था दोनों की साझा जिम्मेदारी है।
विधायक ने यह भी कहा कि विद्यालयों में शैक्षणिक व्यवस्था की समीक्षा करना एक जनप्रतिनिधि के नाते उनका कर्तव्य है। यदि किसी को किसी विषय पर तथ्यात्मक आपत्ति है तो वह संबंधित विभाग या प्रशासन के समक्ष अपनी बात रख सकता है, जहां निष्पक्ष जांच के माध्यम से सच्चाई सामने आ जाएगी।
श्रीमती छोटी कुमारी ने कहा कि छपरा की जनता और विद्यार्थियों के हित में शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाना उनकी प्राथमिकता है और इसी उद्देश्य से समय-समय पर विद्यालयों का निरीक्षण किया जाता है। उन्होंने दोहराया कि बच्चों का उज्ज्वल भविष्य सुनिश्चित करना हम सभी की जिम्मेदारी है, क्योंकि बच्चे ही देश का भविष्य हैं।
