सारण में 31 परीक्षा केंद्रों पर सहायक शिक्षा विकास पदाधिकारी परीक्षा, तीन चरणों में होगा आयोजन

Rakesh Gupta
- Sponsored Ads-

कड़ी सुरक्षा के बीच 14 से 21 अप्रैल तक परीक्षा, प्रत्येक चरण में 14,940 अभ्यर्थी होंगे शामिल

छपरा। बिहार लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित सहायक शिक्षा विकास पदाधिकारी प्रतियोगिता परीक्षा का आयोजन सारण जिले के 31 परीक्षा केंद्रों पर तीन चरणों में किया जाएगा। प्रथम चरण की परीक्षा 14-15 अप्रैल, द्वितीय चरण 17-18 अप्रैल तथा तृतीय चरण 20-21 अप्रैल को आयोजित होगी। प्रत्येक चरण में 14,940 परीक्षार्थी शामिल होंगे।

- Sponsored Ads-


परीक्षा के सफल एवं कदाचारमुक्त संचालन को लेकर प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। इसके लिए 43 स्टैटिक दंडाधिकारी सह पुलिस पदाधिकारी, 18 जोनल दंडाधिकारी सह पुलिस पदाधिकारी तथा 7 सुपर जोनल दंडाधिकारी सह पुलिस पदाधिकारी की प्रतिनियुक्ति की गई है।


प्रतिदिन प्रथम पाली की परीक्षा सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक तथा द्वितीय पाली की परीक्षा 2:30 बजे से 4:30 बजे तक आयोजित होगी। प्रथम पाली के अभ्यर्थियों को सुबह 8 से 9 बजे तक तथा द्वितीय पाली के अभ्यर्थियों को दोपहर 1 से 1:30 बजे तक ही परीक्षा केंद्र में प्रवेश की अनुमति दी रहेगी। जिला प्रशासन के अनुसार परीक्षा के दौरान मोबाइल फोन, कैलकुलेटर एवं अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के उपयोग पर पूर्णतः प्रतिबंध रहेगा। सभी परीक्षा केंद्रों पर जैमर की व्यवस्था की गई है तथा सीसीटीवी और वीडियोग्राफी के माध्यम से सख्त निगरानी रहेगी |


परीक्षा के स्वच्छ, कदाचारमुक्त एवं व्यवस्थित आयोजन को लेकर सभी केंद्राधीक्षक, प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी की संयुक्त ब्रीफ़िंग हुई।


सभी केंद्राधीक्षकों एवं प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों को आयोग के निदेशों का शत प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने का निदेश दिया गया।
इस अवसर पर उपविकास आयुक्त, अपर समाहर्त्ता, अपर समाहर्त्ता विधि व्यवस्था, अनुमंडल पदाधिकारी सदर, पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय, जिला शिक्षा पदाधिकारी सहित सभी प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी तथा सभी केंद्राधीक्षक उपस्थित थे।

- Sponsored Ads-
Share This Article
Leave a Comment