हर सोमवार-शुक्रवार समाधान की गारंटी: जनता दरबार में जमीन-मुआवजा मामलों पर प्रशासन सख्त
छपरा। सबका सम्मान, जीवन आसान के संकल्प को साकार करते हुए जिलाधिकारी द्वारा आयोजित “जनता के दरबार में जिलाधिकारी” कार्यक्रम आमलोगों के लिए भरोसे का मंच बनता जा रहा है। सप्ताह के प्रत्येक सोमवार एवं शुक्रवार को आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग अपनी समस्याओं के समाधान के लिए पहुंच रहे हैं।
शुक्रवार को आयोजित जनता दरबार में कुल 62 फरियादियों ने अपनी समस्याएं जिलाधिकारी के समक्ष रखीं। जिलाधिकारी ने एक-एक कर सभी आवेदनों को गंभीरता से सुना और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए। विशेष रूप से राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग से जुड़े मामलों की संख्या अधिक रही, जिन पर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया।
दरियापुर के एक आवेदक द्वारा भारतमाला परियोजना के तहत अधिग्रहित भूमि के मुआवजा भुगतान में देरी की शिकायत पर जिलाधिकारी ने जिला भू-अर्जन पदाधिकारी को तत्काल जांच कर भुगतान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। वहीं मौजमपुर के एक अन्य मामले में एनएच -19 से जुड़े मुआवजा भुगतान में विलंब को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने स्वयं इसकी सुनवाई करने का निर्णय लिया।
इसके अलावा छपरा के एक आवेदक द्वारा फर्जी बैनामा कराने की शिकायत पर जिलाधिकारी ने संबंधित थाना प्रभारी को त्वरित कार्रवाई का निर्देश दिया और मामले को अपने स्तर पर देखने की बात कही।
अन्य सभी आवेदनों पर भी जिलाधिकारी ने प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए, जिससे आमजन की समस्याओं का शीघ्र और पारदर्शी समाधान सुनिश्चित हो सके।
बता दें कि जनता दरबार का यह प्रयास न केवल प्रशासन और जनता के बीच संवाद को मजबूत कर रहा है, बल्कि लोगों में न्याय और समाधान की उम्मीद को भी नया बल दे रहा है।
