जिलाधिकारी व एसपी की संयुक्त कार्रवाई, जेल में नहीं मिली कोई आपत्तिजनक सामग्री
छपरा। जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव एवं वरीय पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार के नेतृत्व में बीती रात मंडल कारा, छपरा में औचक छापामारी की गई। इस दौरान जेल के सभी बैरकों की गहन एवं सघन जांच की गई, जिससे सुरक्षा व्यवस्था की वास्तविक स्थिति का आकलन किया जा सके।
छापामारी के क्रम में किसी भी प्रकार की आपत्तिजनक सामग्री बरामद नहीं हुई, जो जेल प्रशासन की सतर्कता और अनुशासन को दर्शाता है। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने जेल परिसर की साफ-सफाई व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने के साथ-साथ सीसीटीवी निगरानी प्रणाली को लगातार सक्रिय एवं प्रभावी बनाए रखने का सख्त निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि जेल की सुरक्षा और पारदर्शिता सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस दौरान अनुमंडल पदाधिकारी सदर, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर एवं अन्य पुलिस उपाधीक्षक समेत दर्जनभर से अधिक पदाधिकारी एवं लगभग 170 पुलिस बल उपस्थित थे।
इस संयुक्त कार्रवाई से जेल प्रशासन में सतर्कता बढ़ी है और सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है।
