जमुई: सबका सम्मान-जीवन आसान’ के संकल्प को धरातल पर उतार रहे जिला पदाधिकारी; जन-सुनवाई में संवेदनशीलता के साथ समस्याओं के त्वरित समाधान का दिया निर्देश।

Rakesh Gupta
- Sponsored Ads-

मृगांक शेखर सिंह/ जमुई

जमुई में बिहार सरकार की महत्वाकांक्षी योजना ‘सात निश्चय-3’ के मूल मंत्र ‘सबका सम्मान, जीवन आसान’ को चरितार्थ करने की दिशा में जिला प्रशासन पूरी प्रतिबद्धता और पारदर्शिता के साथ कार्य कर रहा है। इसी क्रम में शुक्रवार को जिला पदाधिकारी श्री नवीन की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित कार्यालय प्रकोष्ठ में जनता दरबार का आयोजन किया गया। यह जन-सुनवाई शासन की संवेदनशीलता और जन-सरोकारों के प्रति जवाबदेही का एक प्रभावी स्वरूप बनकर उभरी, जहाँ जिला पदाधिकारी ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए फरियादियों की समस्याओं को अत्यंत गंभीरता और धैर्यपूर्वक सुना।

- Sponsored Ads-


आयोजित सुनवाई के दौरान जिला पदाधिकारी के समक्ष 17 से अधिक मामले प्रस्तुत किए गए, जिनमें मुख्य रूप से भूमि विवाद, पुलिस प्रशासन, शिक्षा विभाग, अनुमंडल लोक शिकायत निवारण, लंबित वेतन भुगतान और विद्युत विभाग से संबंधित शिकायतें शामिल थीं। प्रत्येक आवेदन का सूक्ष्म अवलोकन करते हुए जिला पदाधिकारी ने मौके पर ही दूरभाष के माध्यम से संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को जन-समस्याओं के समयबद्ध निष्पादन हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिया।


जिला पदाधिकारी ने इस बात पर विशेष बल दिया कि जिला प्रशासन का मुख्य ध्येय केवल शिकायतों को प्राप्त करना नहीं, बल्कि बिहार सरकार के विजन के अनुरूप जन-समस्याओं का स्थायी समाधान सुनिश्चित कर नागरिकों के जीवन को सुगम बनाना है। उन्होंने कहा कि हर सरकारी प्रयास का केंद्र ‘सबका सम्मान’ होना चाहिए, ताकि समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति को भी प्रशासनिक तंत्र की सक्रियता का प्रत्यक्ष लाभ मिल सके। मौके पर ही त्वरित निर्देश जारी होने से फरियादियों के चेहरों पर संतोष का भाव देखा गया। जिला पदाधिकारी की यह पहल जिले में प्रशासनिक पारदर्शिता और जन-केंद्रित शासन को सुदृढ़ करने की दिशा में एक सराहनीय कदम है।

- Sponsored Ads-
Share This Article
Leave a Comment