जमुई: जीरो ऑफिस डे’ पर जीविका कर्मियों ने किया क्षेत्र भ्रमण, सामुदायिक संगठनों की कार्य-प्रगति का लिया जायजा।

Rakesh Gupta
- Sponsored Ads-

मृगांक शेखर सिंह/ जमुई

जमुई में जीविका के तत्वावधान दो और तीन जुलाई को ‘जीरो ऑफिस डे’ (शून्य कार्यालय दिवस) का आयोजन किया गया, जिसके तहत जमुई जिले के सभी जीविका प्रबंधकों और कर्मियों ने अपने-अपने आवंटित ग्राम पंचायतों का सघन दौरा किया। इस विशेष अभियान का मुख्य उद्देश्य कार्यालयी कार्यों से इतर पूरी तरह क्षेत्र में समय बिताना था, ताकि जमीनी स्तर पर संचालित स्वयं सहायता समूहों, ग्राम संगठनों और संकुल संघों की बैठकों में हिस्सा लेकर उनकी वास्तविक स्थिति को समझा जा सके। इस दौरान कर्मियों द्वारा कार्यों का आकलन कर एक विस्तृत प्रतिवेदन भी तैयार किया गया, ताकि भविष्य में इन सामुदायिक संगठनों की आवश्यकताओं को पहचानकर उन्हें और अधिक सुदृढ़, सक्षम एवं आत्मनिर्भर बनाया जा सके।
इसी क्रम में शुक्रवार को पटना से आए राज्य परियोजना प्रबंधक (सूचना प्रबंधन) सह जिला मेंटर श्री प्रेम प्रकाश ने जमुई सदर प्रखंड के भजौर स्थित भारत संकुल संघ का दौरा किया। उन्होंने वहां जीविका दीदियों से सीधा संवाद कर उनकी कार्य-प्रगति का जायजा लिया और उन्हें आवश्यक सुझाव दिए। इस अवसर पर उनके साथ जीविका के जिला परियोजना प्रबंधक श्री संजय कुमार भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। इसके पश्चात श्री प्रेम प्रकाश ने प्रीति जीविका महिला ग्राम संगठन सहित कृष्णा एवं वैष्णो स्वयं सहायता समूह की बैठकों में भी भाग लिया और दीदियों द्वारा की जा रही विभिन्न आजीविका गतिविधियों से रू-ब-रू हुए।
क्षेत्र भ्रमण के इसी सिलसिले में राज्य परियोजना प्रबंधक ने स्वाभिमान दीदी का सिलाई घर, सदर अस्पताल में संचालित दीदी की रसोई और जीविका स्वास्थ्य सहायता केंद्र का भी भौतिक निरीक्षण किया और वहां की व्यवस्थाओं को सराहा। इस दो दिवसीय व्यापक भ्रमण कार्यक्रम के दौरान जिला कार्यालय से संचार प्रबंधक सह प्रखंड मेंटर सुनीता कुमारी, एसजेवाई-नोडल हरिकांत कुमार, प्रशिक्षण अधिकारी किरण कुमारी, प्रभारी बीपीएम (जमुई सदर) दिनेश कुमार दास, जीविकोपार्जन विशेषज्ञ सुमित कुमार सिन्हा, राहुल कुमार, कंचन विश्वकर्मा सहित बड़ी संख्या में जीविका दीदियां और संबंधित कर्मी उपस्थित थे।

- Sponsored Ads-
- Sponsored Ads-
Share This Article
Leave a Comment