डॉo संजय (हाजीपुर)-आम नागरिकों को समाहरणालय परिसर में बेहतर, सुगम एवं नागरिक-अनुकूल सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए जिला पदाधिकारी,वैशाली, वर्षा सिंह ने समाहरणालय परिसर में ‘May I Help You’ सहायता केन्द्र का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर जिला पदाधिकारी ने कहा कि जिला प्रशासन का उद्देश्य आम नागरिकों को बिना किसी असुविधा के आवश्यक जानकारी एवं सेवाएं उपलब्ध कराना है। समाहरणालय में प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग विभिन्न कार्यों से आते हैं। ऐसे में ‘May I Help You’ सहायता केन्द्र उनकी समस्याओं के समाधान एवं सही मार्गदर्शन का एक प्रभावी माध्यम बनेगा।
इस सहायता केन्द्र के माध्यम से समाहरणालय आने वाले नागरिकों को यह जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी कि किस विभाग का कार्यालय किस स्थान पर स्थित है, संबंधित पदाधिकारी किस कक्ष में बैठते हैं, पेयजल एवं शौचालय की व्यवस्था कहां उपलब्ध है तथा सोमवार एवं शुक्रवार कोआयोजित होने वाले जनता दरबार में आने वाले लोगों के बैठने एवं पंजीकरण की व्यवस्था कहां की गई है। इसके अतिरिक्त आवश्यकतानुसार अन्य प्रशासनिक जानकारी एवं मार्गदर्शन भी उपलब्ध कराया जाएगा।
जिला पदाधिकारी, वर्षा सिंह ने कहा कि यह पहल नागरिकों के समय की बचत करेगी, अनावश्यक भ्रम की स्थिति को समाप्त करेगी तथा समाहरणालय में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति को सहज, पारदर्शी एवं सम्मानजनक वातावरण उपलब्ध कराने में सहायक होगी। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को निर्देश दिया कि सहायता केन्द्र पर आने वाले प्रत्येक नागरिक के साथ शालीन व्यवहार करते हुए उन्हें त्वरित एवं सही जानकारी उपलब्ध कराई जाए।
जिला प्रशासन, वैशाली का मानना है कि यह सहायता केन्द्र जनसुविधाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जिससे समाहरणालय आने वाले आम नागरिकों को काफी सुविधा एवं सहूलियत प्राप्त होगी।
