डॉo संजय (हाजीपुर)-
जिले के अधिकाधिक लोगों तक पीएम सूर्य घर योजना का लाभ पहुँचाने के उद्देश्य से 07 अगस्त 2026 (शुक्रवार) को प्रातः 10:00 बजे से विद्युत कार्यालय, गोला रोड, महुआ (वैशाली) परिसर में “सोलर मेला–2026” का आयोजन किया जा रहा है। इस सोलर मेले में “पीएम सूर्य घर : मुफ्त बिजली योजना” के अंतर्गत सोलर रूफटॉप स्थापना के लिए आवेदन स्वीकार किए जाएंगे। साथ ही अधिकृत सोलर वेंडरों की जानकारी, उपयुक्त वेंडर के चयन में मार्गदर्शन, बैंक ऋण प्राप्त करने की प्रक्रिया एवं आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी, केंद्र सरकार द्वारा उपलब्ध कराई जाने वाली सब्सिडी के संबंध में विस्तृत जानकारी तथा पूर्व में बैंक द्वारा अस्वीकृत ऋण आवेदनों के पुनः परीक्षण एवं आवश्यक समन्वय की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी।मेले में विद्युत विभाग, विभिन्न बैंकों के पदाधिकारी एवं अधिकृत सोलर वेंडर एक ही स्थान पर उपस्थित रहेंगे जिससे आम नागरिकों को योजना से संबंधित सभी आवश्यक सेवाएँ एवं परामर्श सहज रूप से उपलब्ध हो सकेगा। जिला पदाधिकारी, वैशाली, वर्षा सिंह (भा.प्र.से.) ने प्रधानमंत्री की महत्वाकांक्षी “पीएम सूर्य घर : मुफ्त बिजली योजना” का अधिकतम लाभ उठाने की अपील करते हुए कहा है कि यह योजना स्वच्छ एवं अक्षय ऊर्जा को बढ़ावा देने के साथ-साथ आम उपभोक्ताओं के बिजली व्यय में कमी लाने तथा ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भरता स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। जिला पदाधिकारी ने सभी पात्र विद्युत उपभोक्ताओं से इस मेले में भाग लेकर योजना की जानकारी प्राप्त करने तथा सोलर रूफटॉप स्थापना के लिए आवेदन करने का आग्रह किया।जिला पदाधिकारी ने कहा कि प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना न केवल उपभोक्ताओं के बिजली बिल में कमी लाने में सहायक है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छ ऊर्जा के उपयोग तथा विकसित एवं आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने जिले के सभी विद्युत उपभोक्ताओं से अपील की कि वे अधिक-से-अधिक संख्या में सोलर मेला–2026 में भाग लेकर इस जनकल्याणकारी योजना का लाभ उठाएँ।”आइए, सोलर अपनाएँ — बिजली बचाएँ — पर्यावरण बचाएँ।”
