डॉo संजय ( हाजीपुर)-वैशाली जिले में गंगा एवं गंडक नदी के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए प्रशासन द्वारा स्थिति की लगातार निगरानी की जा रही है। सभी संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को क्षेत्र में रहकर राहत कार्यों की सतत मॉनिटरिंग करने तथा आवश्यकता के अनुरूप त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।वर्तमान में जिले के 06 प्रखंड—राघोपुर, महनार, हाजीपुर, देसरी, सहदेई बुजुर्ग एवं बिदुपुर बाढ़ से प्रभावित हैं। इन प्रखंडों की 28 पंचायतें प्रभावित हैं। इसके अतिरिक्त हाजीपुर नगर परिषद के कुल 08 वार्ड भी प्रभावित हैं।जिले में कुल 81 गांव तथा 1,90,556 आबादी बाढ़ से प्रभावित हुई है।
राहत एवं बचाव कार्यों की स्थितिप्रभावित क्षेत्रों में लोगों के सुरक्षित आवागमन एवं राहत सामग्री पहुंचाने के लिए जिला प्रशासन, वैशाली द्वारा कुल 250 नावों का निःशुल्क परिचालन किया जा रहा है, जिसकी संख्या आवश्यकता के अनुसार लगातार बढ़ाई जा रही है।जरूरतमंद परिवारों के बीच अब तक 7,137 पॉलिथीन शीट्स वितरित की जा चुकी हैं तथा वितरण कार्य लगातार जारी है।05 सामुदायिक रसोई से निःशुल्क भोजनप्रभावित लोगों को तत्काल भोजन उपलब्ध कराने के लिए जिले में 05 सामुदायिक रसोई संचालित की जा रही हैं।
अब तक 22,444 लोगों को निःशुल्क भोजन कराया जा चुका है तथा सामुदायिक रसोई के माध्यम से भोजन उपलब्ध कराने का कार्य लगातार जारी है।स्वास्थ्य सेवाएं लगातार उपलब्धप्रभावित क्षेत्रों में 13 स्वास्थ्य शिविर संचालित किए जा रहे हैं। इन शिविरों में लोगों की नि:शुल्क जांच एवं उपचार के साथ आवश्यक दवाइयां उपलब्ध कराई जा रही हैं। अब तक 1,577 लोगों का उपचार किया जा चुका है तथा स्वास्थ्य शिविरों की संख्या आवश्यकता के अनुसार बढ़ाई जा रही है।जलजनित बीमारियों की रोकथाम एवं स्वच्छता व्यवस्था के लिए आज 668 हैलोजन टैबलेट वितरित किए गए हैं।पशु चिकित्सा एवं चारा वितरणप्रभावित क्षेत्रों में 08 पशु चिकित्सा शिविर संचालित किए जा रहे हैं। इन शिविरों में अब तक 977 पशुओं का उपचार किया जा चुका है।पशुपालकों एवं बाढ़ प्रभावित परिवारों के पशुओं के लिए अब तक कुल 13,700 किलोग्राम पशु चारा वितरित किया जा चुका है।
प्रशासन द्वारा 24×7 निगरानीजिला प्रशासन द्वारा बाढ़ की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी क्षेत्र में रहकर राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी कर रहे हैं। तटबंधों की सतत निगरानी के साथ आवश्यकता के अनुसार पेट्रोलिंग एवं अन्य सुरक्षात्मक उपाय किए जा रहे हैं।प्रभावित क्षेत्रों में पेयजल एवं विद्युत आपूर्ति को सुचारु रखने के लिए संबंधित विभागों द्वारा आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।प्रशासन द्वारा प्रभावित परिवारों तक आवश्यक राहत सामग्री एवं सेवाएं शीघ्र पहुंचाने के लिए सभी उपलब्ध संसाधनों का उपयोग किया जा रहा है।24×7 नियंत्रण कक्ष से प्राप्त करें सहायताआपात स्थिति अथवा बाढ़ से संबंधित किसी भी प्रकार की सूचना/सहायता के लिए नागरिक निम्न नियंत्रण कक्षों से संपर्क कर सकते हैं—
जिला नियंत्रण कक्ष, वैशाली☎️ 06224-260233☎️ 06224-260234
अनुमंडल नियंत्रण कक्ष, हाजीपुर☎️ 06224-272215
अनुमंडल नियंत्रण कक्ष, महनार☎️ 06229-299950
जिला प्रशासन की जनहित में अपीलजिला प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि सतर्क रहें और सुरक्षित रहें। नदी के किनारों, तेज बहाव वाले क्षेत्रों एवं जलभराव वाले स्थानों से अनावश्यक रूप से दूर रहें। प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करें और आवश्यकता होने पर नियंत्रण कक्ष से संपर्क करें।नागरिकों से यह भी अपील की गई है कि अफवाहों पर ध्यान न दें तथा बाढ़ से संबंधित किसी भी सूचना के लिए केवल जिला प्रशासन एवं अन्य अधिकृत सरकारी स्रोतों पर ही भरोसा करें।जिला प्रशासन, वैशाली बाढ़ की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है तथा प्रभावित लोगों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के लिए सभी आवश्यक कदम उठा रहा है।
