दीपक कुमार, खगड़िया
खगड़िया। राष्ट्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के निर्देशानुसार ‘नशा मुक्त युवा एवं विकसित भारत 100 संडे अभियान’ के तहत शुक्रवार को राजमाता माधुरी देवी टीचर ट्रेनिंग कॉलेज, खगड़िया में नशामुक्ति जागरूकता अभियान एवं ‘स्टेप अप एडिक्शन फ्री’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया।कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के साथ स्वास्थ्य, फिटनेस और सकारात्मक जीवनशैली के प्रति प्रेरित करना था।

इस दौरान युवाओं में सामाजिक सहभागिता और स्वस्थ समाज के निर्माण की भावना को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया गया।कार्यक्रम में कॉलेज के प्राचार्य डॉ. इंद्रजीत, राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. प्रदीप कुमार, महाविद्यालय के प्राध्यापक एवं छात्र-छात्राओं ने भाग लिया।एनएसएस स्वयंसेवकों ने इस अवसर पर नुक्कड़ नाटक, पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता और स्वास्थ्य वॉक के माध्यम से नशामुक्ति का संदेश दिया।

कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं ने स्वयं नशे से दूर रहने तथा दूसरों को भी नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया।कार्यक्रम का समापन युवाओं से नशामुक्त, स्वस्थ एवं विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील के साथ हुआ।

