खगड़िया जिला क्रिकेट लीग: रोमांचक मुकाबले में जननायक कर्पूरी ठाकुर क्रिकेट क्लब ने त्रिवेणी क्रिकेट क्लब को 6 रन से हराया

Rakesh Gupta
- Sponsored Ads-

आदित्य सिंह ने जड़ा सत्र का पहला शतक, 125 रन बनाकर बने मैन ऑफ द मैच

खगड़िया, दीपक कुमार।
खगड़िया जिला क्रिकेट लीग सत्र 2026-27 के सुपर डिवीजन के ग्रुप बी के पहले मुकाबले में जननायक कर्पूरी ठाकुर क्रिकेट क्लब ने त्रिवेणी क्रिकेट क्लब को छह रनों से हराकर रोमांचक जीत दर्ज की। इस मुकाबले के हीरो जननायक कर्पूरी ठाकुर क्रिकेट क्लब के बल्लेबाज आदित्य सिंह रहे, जिन्होंने सत्र का पहला शानदार शतक जड़ते हुए नाबाद 125 रन बनाए। उनके शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया।

- Sponsored Ads-

मैच में त्रिवेणी क्रिकेट क्लब के कप्तान शुभम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी जननायक कर्पूरी ठाकुर क्रिकेट क्लब की टीम ने निर्धारित 35 ओवर के मुकाबले में 240 रन बनाए। टीम की ओर से आदित्य सिंह ने नाबाद 125 रनों की शानदार पारी खेली। वहीं, रोशन ने 36 और विकास ने 25 रनों का योगदान दिया।

त्रिवेणी क्रिकेट क्लब की ओर से गेंदबाजी करते हुए तबरेज ने तीन विकेट चटकाए, जबकि प्रीतेश, मुकेश और करण को एक-एक विकेट मिला।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी त्रिवेणी क्रिकेट क्लब की टीम ने संघर्षपूर्ण बल्लेबाजी की, लेकिन 33.2 ओवर में सभी विकेट गंवाकर 234 रन ही बना सकी। इस तरह जननायक कर्पूरी ठाकुर क्रिकेट क्लब ने छह रनों से मुकाबला अपने नाम कर लिया। त्रिवेणी क्रिकेट क्लब की ओर से आशीष ने सर्वाधिक 85 रन बनाए, जबकि अनिमेष ने 38 और सौरव ने 21 रनों का योगदान दिया।

जननायक कर्पूरी ठाकुर क्रिकेट क्लब की ओर से गेंदबाजी में आशीष जायसवाल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चार विकेट हासिल किए। वहीं, सौरभ ने दो विकेट लेकर टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई।मैच में अंपायर की भूमिका मनोहर कुमार और विनोद झा ने निभाई, जबकि अंकुश कुमार स्कोरर रहे।अगला मुकाबला: सुपर डिवीजन के ग्रुप ए का अंतिम लीग मैच बुधवार को सनी जेंट्स क्रिकेट क्लब और माही क्रिकेट क्लब के बीच खेला जाएगा।

- Sponsored Ads-
Share This Article
Leave a Comment