विजयादशमी पर मां श्यामा का आशीर्वाद लेकर चुनावी मैदान में उतरे आदित्य झा, बोले—युवा और शिक्षित प्रत्याशी को दें मौका

Rakesh Gupta
- Sponsored Ads-

विजयादशमी पर मां श्यामा का आशीर्वाद लेकर चुनावी मैदान में उतरे आदित्य झा, बोले—युवा और शिक्षित प्रत्याशी को दें मौका
असत्य पर सत्य की जीत का जताया भरोसा, 23 अक्टूबर को सीरियल नंबर 15 पर प्रथम वरीयता का मत देने की अपील

सुभाष शर्मा

- Sponsored Ads-

दरभंगा। दरभंगा स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से निर्दलीय प्रत्याशी सीए आदित्य कुमार झा ने विजयादशमी के अवसर पर माधवेश्वर परिसर स्थित मां श्यामा मंदिर में मत्था टेककर आशीर्वाद लिया। चुनाव प्रचार के अंतिम दिन उन्होंने असत्य पर सत्य की जीत का भरोसा जताते हुए मतदाताओं से युवा, शिक्षित और कर्मठ प्रत्याशी को मौका देने की अपील की। उन्होंने कहा कि चुनाव में मतदाता दलीय परिधि और किसी भी प्रकार के पूर्वाग्रह से ऊपर उठकर अपने विवेक से मतदान करें।


चुनावी प्रचार के अंतिम चरण में श्री झा ने दरभंगा स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के चारों जिलों के स्नातक मतदाताओं और शिक्षक बंधुओं से समर्थन मांगा। उन्होंने कहा कि युवाओं, स्नातकों और शिक्षकों से मिल रहे अपार उत्साह एवं आशीर्वाद के कारण ही वह मजबूती के साथ चुनाव मैदान में डटे हैं। उन्होंने प्रबुद्ध मतदाताओं से 23 अक्टूबर को मतपत्र के सीरियल नंबर 15 पर प्रथम वरीयता का मत देकर उन्हें विजयी बनाने की अपील की।


सीए आदित्य कुमार झा ने अपने पुराने संकल्प को दोहराते हुए कहा कि बेरोजगार स्नातक युवाओं को रोजगार और जीविका के अवसर उपलब्ध कराना तथा शिक्षकों को अब तक वंचित लाभ दिलाना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि एक सामान्य परिवार से निकलकर स्थानीय मारवाड़ी कॉलेज और सीएम कॉलेज में शिक्षा प्राप्त करने के बाद उन्होंने समाज के लिए कुछ करने का संकल्प लिया है। वह स्कूली शिक्षकों को सप्तम वेतनमान का लाभ दिलाने और उन्हें गैर-शैक्षणिक कार्यों से स्थायी रूप से मुक्त कराने के लिए प्रतिबद्ध हैं।


प्रचार अभियान के अंतिम चरण में आदित्य झा ने मधुबनी जिले के अरेर, धकजरी, बेनीपट्टी, हरलाखी, बासोपट्टी, बसैठ, रहिका और रामनगर समेत विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर स्नातक एवं शिक्षक मतदाताओं से संपर्क किया।


इस दौरान उज्ज्वल कुमार ने निवर्तमान विधान पार्षद पर निशाना साधते हुए कहा कि दरभंगा स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के मतदाता अब तक उनका चेहरा तक नहीं देख पाए हैं। ऐसे में उनसे किसी प्रकार की उम्मीद करना कितना उचित है, यह विचारणीय है।


वहीं, सेवा निधि फाउंडेशन के निदेशक रजनीश कुमार ने कहा कि अपनी विशिष्टताओं और कार्य करने की प्रतिबद्धता के कारण सीए आदित्य कुमार झा युवा स्नातकों की पहली पसंद बन गए हैं। कंपनी सेक्रेटरी परमेश्वर झा ने भी आदित्य झा के समर्थन में एकजुटता जताते हुए कहा कि सभी ने इस बार उन्हें सदन तक पहुंचाने का संकल्प लिया है। इसी क्रम में प्रकाश चौधरी ने भी आदित्य कुमार झा के प्रति अपनी गहरी आस्था व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें विधान परिषद में पहुंचाने के लिए समर्थक पूरी ताकत से जुटे हैं।


आदित्य झा ने एक बार फिर मतदाताओं से अपील की कि वे जाति, दल और पूर्वाग्रह से ऊपर उठकर युवा नेतृत्व पर भरोसा जताएं, ताकि स्नातकों के रोजगार और शिक्षकों के अधिकारों से जुड़े मुद्दों को सदन में मजबूती से उठाया जा सके।

- Sponsored Ads-
Share This Article
Leave a Comment