एलसीए खगड़िया का धमाका, 214 रनों से दर्ज की धमाकेदार जीत।

Rakesh Gupta
- Sponsored Ads-

उत्कर्ष आनंद शतक से चूके, आदित्य खुशी ने 30 गेंदों पर ठोके 74 रन; 329 रनों के विशाल स्कोर के सामने डीसीसी गोगरी ने टेके घुटने

दीपक कुमार,खगड़िया।
खगड़िया जिला क्रिकेट संघ के तत्वावधान में आयोजित सुपर जिला क्रिकेट लीग में लर्निंग क्रिकेट एकेडमी (एलसीए), खगड़िया ने अपने शानदार प्रदर्शन से मैदान में धमाल मचा दिया। जेएनकेटी स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में एलसीए खगड़िया ने डायमंड क्रिकेट क्लब (डीसीसी), गोगरी को 214 रनों के विशाल अंतर से पराजित कर प्रतियोगिता में अपनी दूसरी बड़ी जीत दर्ज की। एलसीए के बल्लेबाजों ने पहले बल्ले से रनों की बरसात की, फिर गेंदबाजों ने विपक्षी टीम को सस्ते में समेटकर जीत पर मुहर लगा दी।
बल्लेबाजों ने मचाया धमाल, 35 ओवर में बनाए 329 रन

- Sponsored Ads-

मुकाबले में टॉस जीतकर डीसीसी गोगरी ने पहले क्षेत्ररक्षण करने का निर्णय लिया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी एलसीए खगड़िया की टीम ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 35 ओवर में आठ विकेट के नुकसान पर 329 रनों का विशाल स्कोर खड़ा कर दिया। यह एलसीए खगड़िया का प्रतियोगिता में दूसरा सबसे बड़ा स्कोर रहा।

टीम की ओर से उत्कर्ष आनंद ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 88 गेंदों पर 98 रन बनाए। वह महज दो रन से शतक बनाने से चूक गए। वहीं, आदित्य खुशी ने अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। उन्होंने मात्र 30 गेंदों पर आठ छक्कों और चार चौकों की मदद से 74 रन ठोक दिए।

विश्वप्रिय ने भी बल्ले से बेहतरीन योगदान देते हुए 44 गेंदों पर 55 रनों की महत्वपूर्ण पारी खेली। हर्षित आनंद ने 18 गेंदों पर 21 रन, जतीन ने महज आठ गेंदों पर 19 रन, जबकि हेमंत हिमांशु ने नाबाद 15 रन बनाकर टीम के स्कोर को 329 तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।

डीसीसी गोगरी की ओर से कुंदन कुमार और विवेक कुमार ने दो-दो विकेट हासिल किए, जबकि शिवम और शातिर को एक-एक सफलता मिली।

एलसीए के गेंदबाजों के आगे बिखरी डीसीसी की टीम

330 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी डीसीसी गोगरी की टीम एलसीए खगड़िया के गेंदबाजों के सामने पूरी तरह बेबस नजर आई। नियमित अंतराल पर विकेट गिरने के कारण टीम लक्ष्य की ओर मजबूती से आगे नहीं बढ़ सकी और 23 ओवर में 115 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। इस तरह एलसीए खगड़िया ने 214 रनों से शानदार जीत अपने नाम कर ली।

डीसीसी गोगरी की ओर से कुंदन निषाद ने 30 गेंदों पर 24 रन बनाकर सर्वाधिक योगदान दिया। राजन ने 33 गेंदों पर 22 रन, विजेंद्र ने 17 गेंदों पर 17 रन, लव कुश ने 13 गेंदों पर 14 रन और शिवम ने 11 गेंदों पर 11 रन बनाए। हालांकि, अन्य बल्लेबाज बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे।

एलसीए खगड़िया की ओर से विश्वप्रिय ने शानदार गेंदबाजी करते हुए तीन महत्वपूर्ण विकेट झटके। आदित्य खुशी और हेमंत हिमांशु ने दो-दो विकेट लेकर विपक्षी टीम की कमर तोड़ दी। वहीं, प्रिंस और मितुंजय ने एक-एक विकेट हासिल किया।

अपनी आक्रामक बल्लेबाजी से टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाने वाले आदित्य खुशी को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया। उनकी 30 गेंदों पर 74 रनों की तूफानी पारी मुकाबले के प्रमुख आकर्षणों में से एक रही।

मैच में मुख्य निर्णायक की भूमिका मनोहर कुमार एवं संदीप कुमार राज ने निभाई।

इस मुकाबले के दौरान खगड़िया जिला क्रिकेट संघ के सचिव देवराज कुमार, उपाध्यक्ष बिनोद कुमार, संयुक्त सचिव संतोष कुमार, विक्की कुमार, बिनोद झा, सर्वजीत कुमार पांडेय तथा बीसीसीआई लेवल-ए एवं एनआईएस कोच करमवीर कुमार मौजूद रहे।

एलसीए खगड़िया की इस शानदार जीत पर एकेडमी के अध्यक्ष डॉ. कुमार देवव्रत,संरक्षक मनोहर कुमार यादव एवं जिला क्रिकेट संघ के पूर्व सचिव सदानंद प्रसाद एवं जिला संघ के अध्यक्ष बाबूलाल शौर्य ने खिलाड़ियों को बधाई दी और उनके प्रदर्शन की सराहना करते हुए भविष्य में भी इसी तरह बेहतर खेल दिखाने की शुभकामनाएं दीं।

एलसीए खगड़िया की इस शानदार जीत ने सुपर जिला क्रिकेट लीग में टीम की मजबूत दावेदारी को रेखांकित किया। बल्लेबाजों के आक्रामक तेवर और गेंदबाजों के अनुशासित प्रदर्शन के दम पर टीम ने मुकाबले को एकतरफा बनाते हुए अपनी प्रतिभा का शानदार परिचय दिया।

- Sponsored Ads-
Share This Article
Leave a Comment