मुंगेर प्रमंडल बना राज्य स्तरीय अंडर-19 विद्यालय क्रिकेट चैंपियन, फाइनल में पटना को 30 रनों से दी शिकस्त

Rakesh Gupta
- Sponsored Ads-

उत्कर्ष आनंद की शानदार 52 रनों की पारी ने दिलाई मजबूत शुरुआत, प्रेमकांत और विद्यानंद ने झटके तीन-तीन विकेट; खगड़िया के BCA अम्पायर दीपक कुमार और राजीव कमल मिश्रा ने निभाई निर्णायक की भूमिका।

बेगूसराय। राज्य स्तरीय (अंतर प्रमंडल) विद्यालय क्रिकेट बालक अंडर-19 प्रतियोगिता 2026-27 के फाइनल मुकाबले में मुंगेर प्रमंडल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पटना प्रमंडल को 30 रनों से पराजित कर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। बुधवार को गांधी स्टेडियम, बेगूसराय में खेले गए खिताबी मुकाबले में मुंगेर के खिलाड़ियों ने बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों में बेहतरीन प्रदर्शन कर ट्रॉफी अपने नाम की।

- Sponsored Ads-

बिहार राज्य खेल प्राधिकरण, खेल विभाग एवं जिला प्रशासन, बेगूसराय के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस प्रतियोगिता के फाइनल में पहले बल्लेबाजी करते हुए मुंगेर प्रमंडल की टीम ने निर्धारित 20 ओवर में 153 रन बनाए। टीम की ओर से उत्कर्ष आनंद ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए सर्वाधिक 52 रनों की महत्वपूर्ण पारी खेली और टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।

154 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पटना प्रमंडल की टीम मुंगेर के गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी। पटना की पूरी टीम 19.5 ओवर में 123 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। मुंगेर की ओर से प्रेमकांत और विद्यानंद ने शानदार गेंदबाजी करते हुए तीन-तीन विकेट हासिल किए। दोनों गेंदबाजों के बेहतरीन प्रदर्शन की बदौलत मुंगेर ने मुकाबला 30 रनों से जीत लिया और प्रतियोगिता का खिताब अपने नाम कर लिया।

प्रेमकांत बने मैन ऑफ द मैच, कुमार सान को मैन ऑफ द सीरीज

फाइनल मुकाबले में शानदार गेंदबाजी करने वाले मुंगेर प्रमंडल के प्रेमकांत को मैन ऑफ द मैच चुना गया। वहीं पूरे टूर्नामेंट में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले पटना प्रमंडल के कुमार सान को मैन ऑफ द सीरीज के खिताब से नवाजा गया।

फाइनल मुकाबले में दीपक कुमार और राजीव कमल मिश्रा रहे अम्पायर

फाइनल मुकाबले का निर्णायक बिहार क्रिकेट संघ (BCA) के अम्पायर दीपक कुमार, खगड़िया एवं राजीव कमल मिश्रा, बक्सर ने किया। वहीं स्कोरर की जिम्मेदारी रामकुमार एवं विश्वजीत ने निभाई। मुकाबले के निष्पक्ष संचालन और स्कोरिंग में निर्णायक मंडल एवं स्कोररों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

जिलाधिकारी ने विजेता एवं उपविजेता टीम को किया सम्मानित

प्रतियोगिता के समापन समारोह में बेगूसराय के जिला पदाधिकारी श्री रिची पांडेय ने विजेता मुंगेर प्रमंडल एवं उपविजेता पटना प्रमंडल की टीम को ट्रॉफी प्रदान कर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।

इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि खेल में जीत और हार से अधिक महत्वपूर्ण खेल भावना, अनुशासन, टीम भावना और उत्कृष्ट प्रदर्शन है। खेल युवाओं के व्यक्तित्व विकास के साथ उनमें नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और आपसी सहयोग की भावना विकसित करता है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और उन्हें बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है।

सफल आयोजन के लिए जिला खेल पदाधिकारी ने जताया आभार

जिला खेल पदाधिकारी श्री बिट्टू कुमार ने प्रतियोगिता के सफल आयोजन में सहयोग देने वाले सभी शारीरिक शिक्षकों, खेल प्रशिक्षकों एवं आयोजन से जुड़े कर्मियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताओं से विद्यालय स्तर पर छिपी खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलता है।

समापन समारोह में विजेता एवं उपविजेता टीमों के खिलाड़ियों तथा टीम प्रभारियों को मेडल और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।

मुंगेर प्रमंडल की इस शानदार जीत से खिलाड़ियों एवं खेल प्रेमियों में उत्साह का माहौल रहा। प्रतियोगिता ने एक बार फिर साबित किया कि विद्यालय स्तर पर प्रतिभाओं को उचित मंच और अवसर मिलने से वे राज्य स्तर पर अपनी क्षमता का शानदार प्रदर्शन कर सकते हैं।

- Sponsored Ads-
Share This Article
Leave a Comment