डॉo संजय (हाजीपुर )-नशामुक्त भारत अभियान के अंतर्गत युवाओं एवं विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने तथा उन्हें खेलों से जोड़कर स्वस्थ एवं अनुशासित जीवनशैली के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से जी.ए. हाई स्कूल, भगवानपुर में वॉलीबॉल मैत्री मैच का आयोजन किया गया।
जिला पदाधिकारी, वैशाली, वर्षा सिंह, भा.प्र.से. के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं के बीच नशामुक्ति का संदेश प्रभावी ढंग से प्रसारित किया गया।कार्यक्रम का आयोजन मेरा युवा भारत, वैशाली द्वारा किया गया जबकि इसके सफल क्रियान्वयन में यंग स्टार युवा विकास समिति की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
मैत्री मैच में विभिन्न टीमों के खिलाड़ियों एवं विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
बालिका वर्ग में जी.ए. हाई स्कूल की टीम विजेता रही जबकि बालक वर्ग में नारायणा स्पोर्ट्स क्लब की टीम ने विजेता का स्थान प्राप्त किया।इस अवसर पर विद्यार्थियों, खिलाड़ियों एवं उपस्थित अतिथियों द्वारा नशामुक्ति की शपथ ली गई।
सभी ने नशे से स्वयं दूर रहने तथा अपने परिवार, मित्रों और समाज के अन्य युवाओं को भी नशे जैसी सामाजिक बुराई से दूर रखने का संकल्प लिया।जिला पदाधिकारी, वर्षा सिंह के मार्गदर्शन में जिले में युवाओं को रचनात्मक गतिविधियों, खेलकूद एवं जन-जागरूकता अभियानों से जोड़कर नशामुक्त, स्वस्थ एवं सशक्त समाज के निर्माण की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि खेल युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास, टीम भावना और सकारात्मक सोच विकसित करने का प्रभावी माध्यम है।
युवाओं की ऊर्जा को रचनात्मक दिशा देकर उन्हें नशे से दूर रखा जा सकता है।कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं में खेल भावना, अनुशासन एवं स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने के साथ नशामुक्त समाज के निर्माण के प्रति जागरूकता उत्पन्न करना रहा।
