डिजिटल जनगणना में बढ़ी सहभागिता, मोबाइल से भी आसान हुई प्रक्रिया
छपरा। राष्ट्र के समग्र विकास में जनगणना एक महत्वपूर्ण आधार होती है और इसी कड़ी में देश में 8वीं जनगणना का कार्य प्रारंभ हो चुका है। इस बार की जनगणना की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि आम नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए स्वगणना का विकल्प प्रदान किया गया है। उक्त बातें विधायक जितेन्द्र कुमार राय ने स्वयं स्वगणना करते हुए कहीं।
उन्होंने कहा कि इस बार जनगणना पूरी तरह डिजिटल मोड में की जा रही है, जिससे डेटा की शुद्धता, पारदर्शिता और त्वरित संधारण सुनिश्चित होगा। विधायक ने जिला जनगणना कोषांग के कर्मियों के सहयोग से अपनी स्वगणना प्रक्रिया पूरी की। उन्होंने निर्धारित यूआरएल पर मोबाइल नंबर दर्ज कर ओटीपी के माध्यम से सत्यापन किया तथा गूगल मैप पर अपने आवास को चिन्हित कर पुष्टि की।
इसके पश्चात उन्होंने कुल 33 प्रश्नों के उत्तर दर्ज कर सबमिट किया, जिसके तुरंत बाद उन्हें एसई आईडी प्राप्त हुआ, जो लैपटॉप स्क्रीन के साथ-साथ उनके मोबाइल पर भी संदेश के माध्यम से उपलब्ध हुआ।
विधायक श्री राय ने कहा कि स्वगणना की प्रक्रिया बेहद सरल है और कोई भी व्यक्ति अपने मोबाइल से इसे आसानी से पूरा कर सकता है। उन्होंने आम जनता से अपील की कि अधिक से अधिक संख्या में स्वगणना करें और इस अभियान को जन-जन तक पहुंचाने में अपनी भागीदारी निभाएं।
उन्होंने विश्वास जताया कि सारण जिला हमेशा की तरह इस अभियान में भी अग्रणी भूमिका निभाएगा और लोगों की सक्रिय भागीदारी से स्वगणना को सफल बनाया जाएगा।
