जलजमाव से निपटने के लिए ड्रेनेज सिस्टम दुरुस्त करने पर जोर
छपरा: जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने नगर निगम छपरा क्षेत्र अंतर्गत खनुआ नाला एवं स्टॉर्म वाटर ड्रेनेज परियोजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए कार्य में हो रही देरी पर गहरी नाराजगी जताई। उन्होंने बुडको को निर्देश दिया कि खनुआ नाला के शेष लगभग 130 मीटर कार्य को हर हाल में 30 अप्रैल तक पूरा किया जाए।
समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी ने खनुआ नाला के पूरे निर्मित हिस्से की गहरी सफाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही जहां-जहां सेकेंडरी और टर्शियरी नाले इसमें मिलते हैं, वहां जंक्शन पॉइंट पर जाली लगाने को कहा गया, ताकि पॉलिथीन व अन्य कचरा मुख्य नाले में न पहुंचे।
नगर निगम को पूर्व में दिए गए निर्देशों के बावजूद 49 मुख्य एवं सहायक नालों की सफाई कार्य में अपेक्षित प्रगति नहीं मिलने पर डीएम ने अप्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने इस कार्य को उच्च प्राथमिकता में लेते हुए माह के अंत तक हर हाल में पूरा कराने का निर्देश दिया। सफाई कार्य पूर्ण होने के बाद सोशल ऑडिट के तहत स्थानीय नागरिकों से प्रमाणपत्र लेने तथा अन्य अधिकारियों से इसकी जांच कराने की भी बात कही गई।
समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी ने भिखारी ठाकुर चौक के समीप नालों की गहरी उड़ाही कराने और सड़क के नीचे के हिस्से की भी समुचित सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। वहीं जटही पोखरा क्षेत्र में जल निकासी अवरुद्ध करने वाले अतिक्रमण को हटाने के लिए अनुमंडल पदाधिकारी एवं अंचलाधिकारी को त्वरित कार्रवाई करने को कहा गया।
शहर के सभी जल निकासी आउटलेट्स एवं स्टॉर्म वाटर ड्रेनेज परियोजना के आरओडब्ल्यू में मौजूद अतिक्रमण को प्राथमिकता से हटाने का निर्देश भी दिया गया। 50 बी ढाला के पास रेलवे लाइन किनारे नाले की सफाई एवं उसे सीधे रेलवे कलवर्ट से जोड़ने के लिए रेलवे विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर शीघ्र कार्रवाई करने को कहा गया।
जिलाधिकारी ने स्टॉर्म वाटर ड्रेनेज कार्य में तेजी लाने और वर्षा ऋतु में जलजमाव से निपटने के लिए उच्च क्षमता के पंप किराये पर लेने हेतु नगर निगम को निविदा प्रक्रिया शीघ्र पूरी करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि मई के प्रथम सप्ताह में पुनः बैठक कर कार्यों की प्रगति की समीक्षा की जाएगी।
बैठक में अनुमंडल पदाधिकारी सदर, उपनगर आयुक्त, बुडको के परियोजना निदेशक, अंचलाधिकारी एवं नगर निगम के अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।
