संत जोसेफ अकैडमी के छात्रों ने छपरा में जगाई पर्यावरण चेतना
छपरा। बुधवार को विश्व पृथ्वी दिवस के अवसर पर संत जोसेफ एकेडमी छपरा द्वारा एक भव्य जागरूकता रोड शो का आयोजन किया गया, जिसमें शहरवासियों का ध्यान पर्यावरण संरक्षण की ओर आकर्षित किया। नेवाजी चौक से निकली इस रैली में सैकड़ों स्कूली बच्चों और शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
हाथों में रंग-बिरंगी तख्तियां और धरती बचाओ, जीवन बचाओ जैसे प्रेरणादायक नारों के साथ बच्चों ने सड़कों पर मार्च किया। बता दें कि पूरे मार्ग में बच्चों का जोश, अनुशासन और जागरूकता देखते ही बन रही थी। राहगीरों और स्थानीय लोगों ने भी इस पहल की सराहना की और संदेश को गंभीरता से लेने की अपील की।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रिंसिपल ने कहा कि पृथ्वी ही जीवन का आधार है और इसके संरक्षण के बिना भविष्य की कल्पना संभव नहीं है। उन्होंने सभी से अधिक से अधिक पेड़ लगाने और उनकी देखभाल करने का आह्वान किया।
इस मौके पर विद्यालय प्रबंधन ने बताया कि वर्ष 2026 में 20 हजार पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, इस दिशा में लगातार प्रयास जारी हैं।
यह रोड शो सिर्फ एक औपचारिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि समाज को पर्यावरण के प्रति जागरूक करने की एक मजबूत पहल बनकर सामने आया, जिसने “ग्रीन फ्यूचर” की दिशा में एक सकारात्मक संदेश दिया।
