आकाश इंस्टीट्यूट के छात्र ने फाउंडेशन कोर्स में पाई सफलता, मेहनत और मार्गदर्शन बना आधार
छपरा। शिक्षा के क्षेत्र में छपरा के लिए गर्व की बात सामने आई है, जहां आकाश इंस्टीट्यूट (ऑफलाइन ब्रांच) के छात्र वैभव राज ने 10वीं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए टॉपर की सूची में अपना नाम दर्ज कराया है। महज एक वर्ष पहले शुरू हुए इस संस्थान ने अपने पहले ही बैच में सफलता की नई कहानी लिख दी है।
वैभव राज ने फाउंडेशन कोर्स के साथ-साथ अपनी पढ़ाई में शानदार प्रदर्शन करते हुए अंग्रेज़ी साहित्य में 93, गणित में 90 और सामाजिक विज्ञान में 97 अंक प्राप्त किए। उनकी इस सफलता के पीछे संस्थान के शिक्षकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। अंग्रेज़ी के शिक्षक डी. के. ओझा, गणित की शिक्षिका कृति सागर तथा सामाजिक विज्ञान के शिक्षक शैलेश तिवारी ने उन्हें बेहतर मार्गदर्शन प्रदान किया।
इस संबंध में जानकारी देते हुए संस्थान के ब्रांच हेड मोहम्मद एम. अली आज़ाद ने बताया कि वैभव की यह सफलता उसकी कड़ी मेहनत, अनुशासन और निरंतर प्रयास का परिणाम है। उन्होंने कहा कि संस्थान का उद्देश्य छात्रों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान कर उन्हें उनके लक्ष्य तक पहुंचाना है।
छपरा के वार्ड संख्या 34 निवासी वैभव राज के माता विनीता श्रीवास्तव और पिता राजेश रौशन ने भी इस उपलब्धि पर गर्व जताते हुए कहा कि सही माहौल और मार्गदर्शन से ही बच्चे अपने सपनों को साकार कर सकते हैं।
गौरतलब है कि वैभव ने आकाश इंस्टीट्यूट के छपरा ऑफलाइन सेंटर से एक वर्ष का फाउंडेशन कोर्स किया है। उनका सपना एक सफल इंजीनियर बनकर देश के विकास में योगदान देना है। उनकी इस उपलब्धि ने न सिर्फ उनके परिवार, बल्कि पूरे क्षेत्र का मान बढ़ाया है।
