डॉo संजय (हाजीपुर)- जिला पदाधिकारी, वैशाली, वर्षा सिंह, भा.प्र.से. ने वैशाली जिले के तीन वरिष्ठ पत्रकारों रविशंकर सिंह, सुरेन्द्र मानपुरी एवं शुकदेव आजाद को शॉल, मोमेंटो एवं प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
दशकों से निष्पक्ष, तथ्यपरक, उत्तरदायी एवं जनसरोकारों से जुड़ी पत्रकारिता के माध्यम से समाज को जागरूक करने, जनहित के मुद्दों को प्रभावी स्वर देने तथा लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए जिला प्रशासन द्वारा यह सम्मान प्रदान किया गया।
रविशंकर सिंह वर्ष 1970 से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहे हैं। अपने दीर्घ पत्रकारिता जीवन में उन्होंने विभिन्न समाचार पत्रों के साथ कार्य किया तथा विशेष रूप से यूएनआई (यूनाइटेड न्यूज ऑफ इंडिया) से भी जुड़े रहे। पांच दशकों से अधिक के अपने पत्रकारिता अनुभव में उन्होंने बदलते सामाजिक एवं मीडिया परिवेश के बीच तथ्यपरक, निष्पक्ष एवं जनसरोकारों से जुड़ी पत्रकारिता को निरंतर महत्व दिया।
वहीं सुरेन्द्र मानपुरी एवं शुकदेव आजाद ने भी विगत कई वर्षों तक विभिन्न समाचार पत्रों में सक्रिय एवं सफल पत्रकारिता करते हुए समाज में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई।
इन वरिष्ठ पत्रकारों ने अपने पत्रकारिता जीवन में सत्य एवं तथ्यपरक समाचारों के प्रसार, जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से सामने लाने, समाज को जागरूक करने तथा आमजन की आवाज को प्रभावी मंच तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
पत्रकारिता के प्रति उनकी निष्ठा, समर्पण एवं पेशेवर प्रतिबद्धता ने समाज में पत्रकारिता की विश्वसनीयता को मजबूत करने में इन लोगों ने अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया है।
इस अवसर पर जिला पदाधिकारी, वर्षा सिंह ने कहा कि लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में पत्रकारिता की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। पत्रकार समाज और प्रशासन के बीच एक महत्वपूर्ण सेतु का कार्य करते हैं। जनसरोकारों से जुड़े विषयों को सामने लाना, समाज को सही एवं तथ्यपरक जानकारी उपलब्ध कराना तथा लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करना पत्रकारिता की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि सम्मानित किए गए वरिष्ठ पत्रकारों ने अपने लंबे पत्रकारिता जीवन में अनेक चुनौतियों का सामना करते हुए निष्पक्षता, संवेदनशीलता, सत्य एवं जनहित को अपनी पत्रकारिता का आधार बनाया। उनके अनुभव और कार्यशैली से नई पीढ़ी के पत्रकारों को सीख लेने की आवश्यकता है।
जिला पदाधिकारी ने कहा कि पत्रकारिता के क्षेत्र में लंबे समय तक सक्रिय रहकर समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन करना स्वयं में महत्वपूर्ण उपलब्धि है। वरिष्ठ पत्रकारों को सम्मानित करने का उद्देश्य उनके योगदान के प्रति सम्मान व्यक्त करने के साथ-साथ नई पीढ़ी को भी पत्रकारिता के मूल्यों के प्रति प्रेरित करना है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र, बिहार को विकसित राज्य एवं वैशाली को विकसित जिला बनाने के संकल्प की पूर्ति में समाज के सभी वर्गों की सहभागिता आवश्यक है। इस दिशा में मीडिया की भूमिका भी अत्यंत महत्वपूर्ण है। विकास योजनाओं, जनकल्याणकारी कार्यक्रमों एवं जनहित से जुड़े विषयों को आमजन तक पहुंचाने के साथ-साथ समाज में जागरूकता, सकारात्मक सोच एवं जिम्मेदार नागरिक भावना विकसित करने में मीडिया महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।
जिला पदाधिकारी ने कहा कि लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के वरिष्ठ प्रतिनिधियों को सम्मानित करना जिला प्रशासन के लिए गौरव का विषय है। जिला प्रशासन मीडिया के रचनात्मक सहयोग एवं सकारात्मक सहभागिता को महत्वपूर्ण मानता है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्तियों को सम्मानित करने की दिशा में जिला प्रशासन द्वारा ऐसे आयोजन किए जाते रहेंगे।
सम्मान प्राप्त करने के उपरांत तीनों वरिष्ठ पत्रकारों ने जिला पदाधिकारी, वर्षा सिंह एवं जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने अपने दीर्घ पत्रकारिता अनुभवों को साझा करते हुए वर्तमान समय में पत्रकारिता के समक्ष उत्पन्न चुनौतियों तथा बदलते मीडिया परिदृश्य में निष्पक्ष, विश्वसनीय एवं तथ्यपरक पत्रकारिता की आवश्यकता पर अपने विचार रखे। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता की विश्वसनीयता ही उसकी सबसे बड़ी ताकत है और जनहित, सत्य एवं तथ्यपरकता को प्राथमिकता देकर ही पत्रकारिता समाज में अपनी सार्थक भूमिका निभा सकती है।
जिला पदाधिकारी, वर्षा सिंह ने सम्मानित तीनों वरिष्ठ पत्रकारों के योगदान की सराहना करते हुए उनके स्वस्थ, दीर्घ एवं सक्रिय जीवन तथा निरंतर सफल पत्रकारिता के लिए शुभकामनाएं दीं।
