डॉo संजय (हाजीपुर)- पुलिस अधीक्षक ,वैशाली, विक्रम सिहाग ने भगवानपुर थाना का वार्षिक निरीक्षण किया । निरीक्षण के दौरान थाना की कार्यप्रणाली, अपराध नियंत्रण की स्थिति तथा विधि-व्यवस्था संधारण से संबंधित विभिन्न बिंदुओं की विस्तृत समीक्षा की गई।
पुलिस अधीक्षक द्वारा थाना परिसर का भ्रमण करते हुए अभिलेखों का रख-रखाव, मालखाना, शस्त्रागार, हाजत, सीसीटीवी व्यवस्था एवं साफ-सफाई की स्थिति का निरीक्षण किया गया। लंबित कांडों के त्वरित निष्पादन, फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी, वारंट एवं कुर्की के प्रभावी निष्पादन तथा नियमित गश्ती को सुदृढ़ करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के क्रम में शराबबंदी कानून के कड़ाई से अनुपालन, साइबर अपराधों की रोकथाम, महिला एवं बाल सुरक्षा से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता के साथ त्वरित कार्रवाई तथा आमजन से बेहतर समन्वय स्थापित करने पर विशेष जोर दिया गया। पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों को जनता के साथ शिष्ट एवं जवाबदेह व्यवहार बनाए रखने का निर्देश दिया गया।
पुलिस अधीक्षक द्वारा थानाध्यक्ष को कांडों के निष्पादन, बरामदगी , गिरफ्तारी एवं वारंट इश्तहार कुर्की निष्पादन की स्थिति में 1 माह में अपेक्षित सुधार उपरांत पुनः निरीक्षण का आदेश दिया गया ।
