बिहार का पहला वाटर मेट्रो वैशाली से संचालित होने की दिशा में पहल तेज

Rakesh Gupta
- Sponsored Ads-

डॉo संजय (हाजीपुर)- जिला पदाधिकारी, वैशाली, वर्षा सिंह (भा.प्र.से.) ने बताया कि राज्य सरकार द्वारा गंगा एवं गंडक नदी तटीय जिलों में आधुनिक जल परिवहन व्यवस्था विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की जा रही है। इसी क्रम में बिहार के पहले वाटर मेट्रो परियोजना के संचालन के लिए वैशाली जिला को भी चयनित किया गया है।

उन्होंने बताया कि वाटर मेट्रो परियोजना के अंतर्गत चकोसन पीपापुल, विशुनपुर पीपापुल एवं कोनहारा घाट पर सामुदायिक जेटी निर्माण के लिए भूमि उपलब्ध कराने का प्रस्ताव प्राप्त हुआ था। जिला प्रशासन द्वारा सभी प्रस्तावित स्थलों पर गंडक एवं गंगा नदी के किनारे आवश्यकतानुसार उपयुक्त भूमि चिन्हित कर उपलब्ध करा दी गई है।

- Sponsored Ads-

जिला पदाधिकारी ने कहा कि संबंधित प्रस्ताव राज्य स्तर पर प्रेषित कर दिया गया है तथा शीघ्र ही सामुदायिक जेटी निर्माण का कार्य प्रारंभ होने की संभावना है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि परियोजना के धरातल पर उतरने के बाद वैशाली जिला आधुनिक जल परिवहन प्रणाली के क्षेत्र में बिहार में एक नई पहचान स्थापित करेगा।

उन्होंने कहा कि वाटर मेट्रो परियोजना से आवागमन सुगम एवं सुरक्षित होगा।साथ ही पर्यटन, स्थानीय व्यापार, रोजगार सृजन एवं क्षेत्रीय आर्थिक गतिविधियों को भी व्यापक बढ़ावा मिलेगा। विशेष रूप से कोनहारा घाट जैसे ऐतिहासिक एवं धार्मिक महत्व के स्थलों को नई पहचान प्राप्त होगी।

जिला प्रशासन द्वारा परियोजना के सफल क्रियान्वयन के लिए सभी आवश्यक प्रक्रिया प्राथमिकता के आधार पर पूरी की जा रही हैं।

- Sponsored Ads-
Share This Article
Leave a Comment