जमुई:सिपाही भर्ती परीक्षा को लेकर जमुई प्रशासन अलर्ट

Rakesh Gupta
- Sponsored Ads-

मृगांक शेखर सिंह/ जमुई:जमुई के डीएम श्री नवीन ने 24 जून को आयोजित सिपाही भर्ती परीक्षा के स्वच्छ एवं कदाचारमुक्त संचालन को लेकर अधिकारियों की ब्रीफिंग की। जिले के 10 परीक्षा केंद्रों पर 3,885 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। परीक्षा केंद्रों पर जैमर, कड़ी निगरानी और धारा 163 लागू रहेगी।

केन्द्रीय चयन पर्षद (सिपाही भर्ती), पटना द्वारा विशेष शाखा में ‘सिपाही’ के रिक्त पदों पर चयन हेतु दिनांक 24 जून 2026 को आयोजित होने वाली लिखित परीक्षा के स्वच्छ, शांतिपूर्ण, पारदर्शी और कदाचारमुक्त संचालन के लिए जमुई जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। इसी क्रम में आज समाहारणालय स्थित सभाकक्ष में जिला पदाधिकारी की अध्यक्षता में सभी प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों एवं केन्द्राधीक्षकों की संयुक्त ब्रीफिंग बैठक आयोजित की गई।

- Sponsored Ads-

ब्रीफिंग के दौरान जिला पदाधिकारी ने उपस्थित अधिकारियों को हाल ही में लखीसराय में नीट पुनर्परीक्षा के दौरान ‘सॉल्वर गैंग’ की गिरफ्तारी के घटनाक्रम से सीख लेते हुए अत्यंत सतर्क रहने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि सभी प्रतिनियुक्त अधिकारी और बल सदैव पूरी तरह सजग एवं अलर्ट रहें तथा परीक्षा केंद्र पर हर छोटी-बड़ी गतिविधि पर पैनी नजर रखें, ताकि किसी भी संदिग्ध प्रयास को समय रहते विफल किया जा सके। जिला पदाधिकारी ने सख्त हिदायत दी कि बाहर से आने वाले हर कर्मी, चाहे वे बायोमेट्रिक जांच दल के सदस्य हों, पानी पिलाने वाले हों या अन्य कोई कर्मी हों, उनकी गतिविधियों और परीक्षा केंद्र के आसपास घूमने वाले संदिग्ध तत्वों पर कड़ी निगरानी रखी जाए।

किसी भी प्रकार का संदेह होने पर उसे कतई नजरअंदाज न करें, बल्कि तत्काल उसका निवारण करें ताकि कोई भी छोटी लापरवाही बड़ी घटना का रूप न ले सके। इसके साथ ही उन्होंने समय-सीमा का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश देते हुए कहा कि निर्धारित अवधि के बाद किसी भी परिस्थिति में किसी भी परीक्षार्थी को केंद्र में प्रवेश नहीं दिया जाएगा।परीक्षा के दौरान कदाचार के प्रति शून्य सहनशीलता यानी जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाएगी। यदि कोई भी परीक्षार्थी या अन्य व्यक्ति कदाचार अथवा अनुचित साधनों के प्रयोग में लिप्त पाया जाता है, तो उसके विरुद्ध बिहार लोक परीक्षा (अनुचित साधन निवारण) अधिनियम, 2024 के तहत त्वरित एवं अत्यंत सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

इसके साथ ही अधिकारियों ने परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम रखने, समय से अभ्यर्थियों की सघन फ्रिस्किंग करने और महिला अभ्यर्थियों की जांच के लिए अलग सुरक्षित घेरा या कक्ष क्रियाशील रखने का निर्देश दिया। परीक्षा केंद्रों के भीतर मोबाइल फोन, ब्लूटूथ डिवाइस, स्मार्ट वॉच सहित किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और व्हाइटनर, ब्लेड या इरेज़र जैसी सामग्रियों के ले जाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा, जिसके कड़ाई से अनुपालन के लिए केंद्रों पर जैमर भी सक्रिय किए गए हैं।इस परीक्षा में जमुई जिले में कुल 10 परीक्षा केंद्र बनाएं गए हैं, जहां कुल 3,885 परीक्षार्थी शामिल होंगे।

यह परीक्षा एकल पाली में दो प्रश्न पत्रों के लिए लगातार 30 मिनट के अंतराल पर आयोजित की जाएगी, जिसमें प्रथम प्रश्न पत्र की परीक्षा पूर्वाहन 10.00 बजे से 11.30 बजे तक तथा द्वितीय प्रश्न पत्र की परीक्षा मध्याह्न 12.00 बजे से अपराह्न 01.30 बजे तक संपन्न होगी। कदाचारमुक्त परीक्षा के संचालन हेतु जिला स्तर पर स्टेटिक मजिस्ट्रेट-सह-प्रेक्षक, जोनल मजिस्ट्रेट और पर्याप्त सुरक्षा बल प्रतिनियुक्त किए गए हैं। परीक्षा की संवेदनशीलता को देखते हुए अनुमंडल दंडाधिकारी द्वारा परीक्षा केंद्रों के आसपास B.N.S.S. की धारा 163 (निषेधाज्ञा) लागू रहेगी, परीक्षा केंद्रों के नजदीक की सभी फोटोकॉपी दुकानें परीक्षा अवधि के दौरान पूर्णतः बंद रहेंगी और किसी भी अनधिकृत व्यक्ति या भीड़ को इकट्ठा होने की अनुमति नहीं होगी। जिला प्रशासन जमुई द्वारा शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी परीक्षा संपन्न कराने के लिए सभी प्रशासनिक एवं सुरक्षात्मक तैयारियां ससमय पूर्ण कर ली गई हैं।

- Sponsored Ads-
Share This Article
Leave a Comment