डॉo संजय (हाजीपुर)-मुख्यमंत्री, सम्राट चौधरी द्वारा 02 सितंबर 2026 को पटना से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से “जाँच एवं उपचार, चिकित्सा आपके द्वार” अभियान का शुभारंभ किया गया।
इस अवसर पर वैशाली समाहरणालय स्थित एनआई सी कक्ष से जिला पदाधिकारी, वर्षा सिंह सहित स्वास्थ्य विभाग के सभी वरीय पदाधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कार्यक्रम से जुड़े।
पटना में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री, विजय कुमार चौधरी एवं विजेन्द्र प्रसाद यादव, स्वास्थ्य मंत्री, निशांत सहित अन्य गणमान्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम के पूर्व पटना से सभी जिलों के लिए जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। यह जागरूकता रथ वैशाली जिले के सभी प्रखंडों में भ्रमण कर आमजन को अभियान के उद्देश्यों एवं स्वास्थ्य सुविधाओं के प्रति जागरूक करेगा।इस अवसर पर जिला पदाधिकारी, वर्षा सिंह ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग के निरंतर प्रयासों से जिले में अनावश्यक रेफरल में लगातार कमी आई है।
जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ एवं गुणवत्तापूर्ण बनाने के लिए ABHA ID निर्माण, आई सी यू सुविधा, एन सी डी स्क्रीनिंग, एनीमिया जांच सहित विभिन्न स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत किया गया है।जिला पदाधिकारी ने कहा कि “जाँच एवं उपचार, चिकित्सा आपके द्वार” अभियान स्वास्थ्य सेवाओं को आमजन के घर-द्वार तक पहुँचाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए स्वास्थ्य विभाग के सभी पदाधिकारी एवं कर्मी समन्वित रूप से कार्य करें ताकि अधि -से-अधिक लोगों को समय पर जाँच, उपचार एवं आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श का लाभ मिल सके।अभियान के दौरान 30 वर्ष एवं उससे अधिक आयु के लोगों की विशेष रूप से गैर-संचारी रोग स्क्रीनिंग की जाएगी। आशा, ए एन एम एवं सी एच ओ द्वारा घर-घर जाकर लोगों की स्क्रीनिंग की जाएगी तथा जांच के आधार पर आवश्यक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। इसका उद्देश्य बीमारियों की प्रारंभिक स्तर पर पहचान कर समय पर उपचार सुनिश्चित करना है।
अभियान के तहत लोगों को घर-द्वार पर 13 प्रकार की जाँच एवं उपचार की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। सभी जांच एवं मरीजों से संबंधित एंट्री रियल टाइम की जाएगी तथा एन सी डी पोर्टल के माध्यम से इसकी नियमित मॉनिटरिंग की जाएगी।सभी मरीजों को ABHA ID से जोड़कर उनका डिजिटल स्वास्थ्य रिकॉर्ड तैयार किया जाएगा।
इससे मरीजों के स्वास्थ्य संबंधी विवरण को डिजिटल रूप से सुरक्षित रखने तथा उपचार की निरंतरता सुनिश्चित करने में सहायता मिलेगी।जिला पदाधिकारी ने स्वास्थ्य विभाग के पदाधिकारियों को अभियान के दौरान जांच की गुणवत्ता, समयबद्ध उपचार, मरीजों की समुचित काउंसिलिंग तथा रेफरल की आवश्यकता होने पर ही उचित रेफरल सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।साथ में यह भी निर्देशित किया गया कि जन प्रतिनिधि का भी आवश्यक सहयोग प्राप्त किया जाय एवं इस कार्यक्रम के बारे में विस्तृत जानकारी दी जाय.यह विशेष अभियान 02 सितंबर 2026 से 30 नवंबर 2026 तक संचालित किया जाएगा। जिले में अभियान के सफल क्रियान्वयन एवं व्यापक जनभागीदारी के लिए जागरूकता रथ के माध्यम से भी लोगों को अभियान से जुड़ी जानकारी दी जाएगी।कार्यक्रम में सिविल सर्जन, वैशाली सहित सभी प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी, डी पी एम हेल्थ, डी एम ई ओ , डी पी सी , डी सी एम , हॉस्पिटल मैनेजर एवं स्वास्थ्य विभाग के अन्य पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।
