सारण में स्वगणना अभियान को मिली रफ्तार, डीएम वैभव श्रीवास्तव ने खुद किया सेल्फ एनुमरेशन

Rakesh Gupta
- Sponsored Ads-

हर नागरिक की भागीदारी से बनेगी सटीक जनगणना -1 मई तक स्वगणना का विशेष अभियान


छपरा। सारण जिले में जनगणना को सटीक और पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से स्वगणना अभियान को व्यापक रूप दिया जा रहा है। इस क्रम में प्रधान जनगणना अधिकारी सह जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने स्वयं स्वगणना कर आम नागरिकों के लिए प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया।

- Sponsored Ads-


जिलाधिकारी ने सोमवार को स्वगणना पोर्टल पर अपनी लोकेशन चयनित करते हुए सभी 33 प्रश्नों का उत्तर दर्ज किया और सफलतापूर्वक सबमिट किया, जिसके बाद उन्हें तत्काल एसई-आईडी प्राप्त हुआ। उन्होंने इस पहल को जनभागीदारी का सशक्त माध्यम बताते हुए कहा कि अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी से जनगणना प्रक्रिया सरल, तेज और त्रुटिरहित बनेगी।


उन्होंने निर्देश दिया कि अभियान के प्रारंभिक चरण में जिले के गणमान्य व्यक्तियों, जनप्रतिनिधियों एवं सभी जिला स्तरीय पदाधिकारियों का स्वगणना सुनिश्चित कराया जाए। साथ ही, सभी विभागों के अधिकारियों और कर्मियों को स्वयं स्वगणना करने तथा अपने अधीनस्थ कर्मचारियों को भी इसके लिए प्रेरित करने को कहा गया है।


जिलाधिकारी ने बताया कि राज्य स्तर से मिले निर्देश के अनुसार सभी सरकारी कर्मियों का शत-प्रतिशत सेल्फ एनुमरेशन सुनिश्चित किया जाना है। इसके लिए प्रशासनिक, शैक्षणिक, स्वास्थ्य, पंचायत, सामाजिक सुरक्षा और बाल विकास सहित सभी विभागों में यूनिट बनाकर विशेष अभियान चलाया जा रहा है।


उन्होंने आम नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि 17 अप्रैल से शुरू हुआ यह स्वगणना अभियान 1 मई तक चलेगा, इसलिए सभी लोग समय रहते इसमें भाग लेकर अपनी जिम्मेदारी निभाएं। उन्होंने जोर देकर कहा कि “जितना अधिक स्वगणना होगा, उतनी ही सटीक और प्रभावी मुख्य जनगणना संपन्न हो सकेगी।”

- Sponsored Ads-
Share This Article
Leave a Comment