युवा कांग्रेस ने आनासागर झील में फूंका सीएम का पुतला, बोले- खोखला है ‘वंदे गंगा जल संरक्षण अभियान’

Rakesh Gupta
- Sponsored Ads-

*युवा कांग्रेस ने आनासागर झील में फूंका सीएम का पुतला, बोले- खोखला है ‘वंदे गंगा जल संरक्षण अभियान’*

*आनासागर के नाम पर सिर्फ भ्रष्टाचार *अभियान सिर्फ दिखावा बनकर रह गया*धरातल पर कोई प्रभावी कार्य नहीं

- Sponsored Ads-

(हरिप्रसाद शर्मा) अजमेर:राजस्थान सरकार द्वारा शुरू किए गए ‘वंदे गंगा जल संरक्षण अभियान’ को लेकर युवा कांग्रेस ने गुरुवार को अजमेर में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आनासागर झील में उतरकर वहां फैले कचरे को एकत्रित किया और उस पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का पुतला दहन कर सरकार के जल संरक्षण अभियान को खोखला करार दिया। युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष मोहित मल्होत्रा ने बताया कि भले ही यह अभियान पूरे प्रदेश में लागू किया गया हो, लेकिन अजमेर जैसे महत्वपूर्ण शहर में, जहां विधानसभा अध्यक्ष का गृह जिला भी है, वहां यह अभियान सिर्फ दिखावा बनकर रह गया है।

उन्होंने आरोप लगाया कि यह अभियान केवल जनता की आंखों में धूल झोंकने के लिए शुरू किया गया है, जबकि धरातल पर कोई प्रभावी कार्य नहीं हो रहा है। मल्होत्रा ने बताया कि पहले भी युवा कांग्रेस ने आनासागर चौपाटी पर जाकर इस अभियान के नाम पर हो रहे भ्रष्टाचार का विरोध किया था।युवा कांग्रेस ने आरोप लगाया कि आनासागर झील की सफाई के नाम पर करोड़ों रुपये के ठेके निकाले गए हैं, लेकिन असल में अधिकारियों और ठेकेदारों की मिलीभगत से सिर्फ भ्रष्टाचार हो रहा है।

इस अभियान में ना तो निगम की मशीनें लगीं, ना ही कोई प्रभावी श्रमदान हुआ। उन्होंने कहा कि यदि वाकई सरकार को जल संरक्षण की चिंता होती, तो मशीनों और निगम की टीम के साथ पूरी झील की सफाई होती, ना कि केवल तीन दिन का प्रतीकात्मक श्रमदान और फोटो खिंचवा कर अभियान की इतिश्री कर दी जाती। युवा नेता लोकेश शर्मा ने चेतावनी दी कि अगर निगम प्रशासन और जिला प्रशासन ने जल संरक्षण को लेकर गंभीरता नहीं दिखाई, तो युवा कांग्रेस कांग्रेस पार्टी और अन्य संगठनों के साथ मिलकर सड़कों पर उग्र प्रदर्शन करेगी, जिसकी जिम्मेदारी पूरी तरह से प्रशासन की होगी।

वहीं, सागर मीणा ने भाजपा के दो विधायकों और स्थानीय नेताओं पर हमला बोलते हुए कहा कि इनके रहते भी अजमेर के अधिकारी बेखौफ हैं और आनासागर के नाम पर सिर्फ भ्रष्टाचार में लिप्त हैं। उन्होंने कहा कि कभी स्मार्ट सिटी योजना तो कभी जल संरक्षण के नाम पर जनता के पैसे का दुरुपयोग हो रहा है।

प्रदर्शन के दौरान “भाजपा सरकार मुर्दाबाद”, “भजनलाल शर्माजी इस्तीफा दो”, और “वंदे गंगा अभियान नहीं, भ्रष्टाचार अभियान” जैसे नारों से माहौल गूंज उठा। युवा कांग्रेस का यह प्रदर्शन ना केवल सरकार की कार्यशैली पर सवाल खड़ा करता है, बल्कि यह भी दिखाता है कि आम जनता और विपक्षी संगठन सरकारी अभियानों में पारदर्शिता की मांग कर रहे हैं।

- Sponsored Ads-

Share This Article
Leave a Comment