सारण प्रमंडल के 14 लाख उपभोक्ताओं को मिलेगा सुपर ग्रीड का लाभ

Rakesh Gupta
- Sponsored Ads-

 

बिहार न्यूज़ लाइव /पटना, 9 मार्च 2023 । रिंग रोड की तरह ही अब छपरा, मुजफ्फरपुर, पटना का एक विद्युत रिंग सिस्टम विकसित होगा और वे एक रिंग के माध्यम से विद्युत आपूर्ति श्रृंखला से जुड़ेंगे। इसके लिए छपरा में 400 केवी का एक नये विद्युत उपकेंद्र की स्थापना की स्वीकृति प्राप्त हो गई है। सारण सांसद राजीव प्रताप रुडी ने उक्त बातें बताते हुए कहा कि इसके माध्यम से अब सारण के लिए आने वाले कई दशकों का विकास का प्लॉन तैयार है

 

जिसे सरकार द्वारा स्वीकृति प्रदान कर दी गई है। अब शीघ्र ही किसी भी एक क्षेत्र में विद्युत व्यवधान होने या सुधार कार्य करने पर बिजली बंद करने की जरूरत नहीं रहेगी। संबंधित उप केन्द्रों का भार नजदीकी उप केन्द्र पर डाला जा सकेगा।

- Sponsored Ads-

विदित हो कि सांसद रुडी पिछले तीन वर्षों से छपरा जिला में 400 केवी का सुपर ग्रीड की स्थापना का प्रयास कर रहे थे जो अब जाकर साकार होने वाला है। इसकी स्थापना के लिए सांसद लगातार पटना और दिल्ली में प्रयासरत रहे। राज्य सरकार के उर्जा विभाग के मंत्री और अधिकारियों से लगातार संपर्क में रहे, साथ ही एक हजार करोड़ के प्रोजेक्ट की स्थापना के लिए केंद्र सरकार के स्तर पर भी लगातार प्रयास करते रहे जो अब सफल हो रहा है। अपनी तरह का यह सुपर ग्रीड नॉर्थ बिहार में चौथा और सारण प्रमंडल में पहला होगा। इसकी कुल लागत लगभग 1000 करोड़ आयेगी जिसे दो दिन पूर्व ही कैबिनेट द्वारा स्वीकृति प्रदान की गई है।

 

सुपर ग्रीड के निर्माण से विद्युत आपूर्ति में गुणवत्तापूर्ण सुधार आयेगा। वर्तमान में विद्युत आपूर्ति के लिए 220 केवी का केवल अमनौर ग्रीड है। परन्तु गर्मी के दिनों में लोड बढ़ने और भविष्य में और अधिक लोड बढोतरी से उक्त ग्रीड तकनीकी रूप निर्बाध पावर संचालित करने में सक्षम न होने के कारण भविष्य के कई दशकों तक सुचारू विद्युत आपूर्ति के लिए

 

इस ग्रीड की स्थापना का प्रयास सांसद रुडी द्वारा किया जा रहा था। अब जब कैबिनेट से इसकी मंजूरी मिल गई है तो इसकी स्थापना से न केवल छपरा जिला बल्कि सारण प्रमंडल के अन्य दो जिलों सिवान और गोपालगंज के उपभोक्ताओं को भी लाभ होगा और विद्युत आपूर्ति में सुधार होगा। इन जिलों में गर्मी के दिनों में ग्रीड के ओवरलोडेड होने से जो लो वोल्टेज की समस्या आति थी वो पूरी तरह से समाप्त हो जायेगी। पावर रहते हुए भी ग्रीड की संचरण क्षमता कम होने के कारण छपरा में गर्मी के दिनों में पावर रोटेशन किया जाता था, आने वाले दिनों में यह प्रक्रिया समाप्त हो जायेगी और उपभोक्ताओं को 24 घंटे बिजली दी जायेगी।

 

सांसद रुडी ने बताया कि सुपर ग्रीड की स्थापना से सारण प्रमंडल ही नहीं नजदीकी जिला, हाजीपुर, मुजफ्फरपुर और पटना को भी लाभ होगा और विद्युत की आपर्ति इण्टर कनेक्टिविटी (रिंग सिस्टम) के द्वारा की जायेगी। रिंग सिस्टम विकसित होने से लाभ होगा जिससे यदि तकनीकी कारणों से कोई एक ग्रीड फेल हो जाता है

तो तुरन्त दुसरे ग्रीड से पावर लेकर उपभोक्ताओं को आपूर्ति की जायेगी। उन्होंने ने बताया कि नॉर्थ बिहार में पूर्णिया, मुजफ्फरपुर के कांटी और मोतिहारी के बाद छपरा में चौथा होगा यह सुपर ग्रीड। उन्होंने बताया कि प्रमंडल के 14 लाख घरों को जिसमें 6 लाख छपरा और 8 लाख सिवान और गोपालगंज के उपभोक्ता है, उनको 24 घंटा निर्बाध विद्युत आपूर्ति की व्यवस्था सुदृढ़ हो जायेगी।

इसके अलावा दर्जनों औद्योगिक इकाईयों को निर्बाध और गुणवत्तापूवर्ण विद्युत आपूर्ति होगी। इसके निर्माण से न केवल दशकों तक विकास का नया रास्ता खुलेगा बल्कि औद्योगिक क्रांति का भी आगाज होगा।

 

 

- Sponsored Ads-

Share This Article