बिहार न्यूज़ लाइव सारण डेस्क: छपरा । छपरा-सिवान मुख्य मार्ग (एनएच 531) पर गुरुवार को दाउदपुर पुरानी चट्टी के समीप तेज रफ्तार स्कार्पियो के चपेट में आने से एक 12 वर्षीय किशोर की मौत हो गई। मृतक दाउदपुर गांव के नोनियाडीह निवासी अजय महतो का पुत्र मोहित महतो बताया जाता है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मोहित अपने पड़ोसी दोस्त के साथ दाउदपुर पुरानी चट्टी पर फोटो स्टेट कराने के लिए जा रहा था। तभी एकमा की ओर से तेज गति से छपरा की ओर जा रही एक स्कार्पियो वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जोरदार थी कि मोहित उछल कर काफी दूर जा गिरा। दूसरा लड़का भी चोटिल हुआ है।
उधर घटना की सूचना मिलने पर दाउदपुर पुलिस ने तत्काल थाना के समीप बैरियर लगाकर वाहन को जब्त कर चालक को गिरफ्तार कर लिया। इस बीच खून से लथपथ अचेतावस्था में किशोर को सड़क किनारे से उठाकर नजदीक के एक क्लिनिक में भर्ती कराया गया। जहां से चिकित्सक ने प्राथमिक उपचार के बाद मोहित को चिंताजनक हालत में छपरा रेफर कर दिया। मगर छपरा ले जाने के क्रम में मोहित ने रास्ते में हीं दम तोड़ दिया।
इस दर्दनाक घटना के बाद मृतक के परिवार में हाहाकार मच गया है। एकलौते पुत्र की असामयिक मौत के बाद माता सुमि देवी समेत परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल बना है। मृतक मोहित तीन भाई बहन में सबसे बड़ा था। वह सिवान जिले के माधवपुर गांव में अपने मामा के घर पढ़ाई करता था। जबकि माता-पिता दिल्ली में रहते हैं। पिता मजदूर का काम करते हैं। पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुचा तो मातम छा गया।
पुत्र के शव से लिपट मां बदहवास थी। वही दादा बिंदा महतो व दादी की आंख से बहता झर-झर आंसू रुकने का नाम नही ले रहे थे। परिजनों ने बताया कि दो सप्ताह पहले मोहित मामा के घर से गांव आया था। घटना की जानकारी मिलने पर मुखिया अभिषेक कुमार सिंह ने पहुंच कर शोक-संतप्त परिजनों को ढाढ़स बढ़ाया। पुलिस ने बताया कि जब्त वाहन पर पुलिस का स्टिकर लगा हुआ है। गिरफ्तार चालक एकमा थाना क्षेत्र के रीठ गांव का पंकज कुमार रजक बताया जाता है।