- कांग्रेस, समाजवादी पार्टी, तृणमूल कांग्रेस और निर्दलीय सांसद भी रूडी पैनल में शामिल
- बिहार के सभी राजनीतिक दलों के सांसदों ने “बिहार” के नाम पर एकजुट होकर समर्थन किया
- मतदान में गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जे. पी. नड्डा, सोनिया गांधी, मल्लिकार्जुन खरगे, गिरिराज सिंह, अर्जुन राम मेघवाल, गजेंद्र सिंह शेखावत सहित कई वरिष्ठ नेताओं की भागीदारी
- हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल श्री शिव प्रताप शुक्ला ने भी मतदान किया।
- विजय का माहौल आगामी स्वतंत्रता दिवस के उत्सव जैसा, सभी दलों के बीच लोकतांत्रिक एकता का प्रदर्शन
- बीते दो दशकों में किए गए सतत प्रयासों का मिला सम्मान
कांस्टीट्यूशन क्लब ऑफ इंडिया के प्रतिष्ठित चुनाव में बिहार के सारण से भाजपा सांसद श्री राजीव प्रताप रूडी एक बार फिर सचिव (प्रशासन) पद पर निर्वाचित हुए। इस चुनाव में श्री रूडी के पैनल में कांग्रेस, समाजवादी पार्टी, तृणमूल कांग्रेस सहित विभिन्न दलों और निर्दलीय सांसदों के सदस्य शामिल रहे। यह विजय बीते दो दशकों में उनके सतत प्रयासों और संवाद क्षमता का परिणाम है।

बिहार के सभी राजनीतिक दलों से जुड़े सांसदों ने, जो क्लब के सदस्य हैं, “बिहार” के नाम पर एकजुट होकर श्री रूडी का समर्थन किया। चुनाव में विपक्ष की ओर से श्रीमती सोनिया गांधी और श्री मल्लिकार्जुन खरगे सहित कई वरिष्ठ नेताओं ने मतदान किया, वहीं सरकार की ओर से केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व स्वास्थ्य मंत्री श्री जे. पी. नड्डा, केंद्रीय मंत्री श्री गिरिराज सिंह, श्री अर्जुन राम मेघवाल, श्री गजेंद्र सिंह शेखावत, श्री पीयूष गोयल और श्री किरण रिजिजू सहित हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल श्री शिव प्रताप शुक्ला ने भी मतदान किया।

विजय के बाद श्री रूडी ने कहा — “दोनों अपने हैं, अपनों के बीच हार-जीत नहीं होती। आदरणीय गृह मंत्री जी, राष्ट्रीय अध्यक्ष जी, सोनिया जी और खड़गे साहब जैसे गणमान्य लोगों का मतदान करने आना हमारे मजबूत लोकतंत्र की खूबसूरती को दर्शाता है। मैं अपने बात-व्यवहार और काम से माननीय सांसदों व पूर्व सांसदों का विश्वास बनाए रखने में सफल रहा हूँ। यह जीत हम सबकी है।”

श्री रूडी ने क्लब के चुनाव में मतदान करने वाले सभी सांसदों एवं पूर्व सांसदों का हृदय से आभार व्यक्त किया और विश्वास जताया कि वह पहले से भी बेहतर कार्य करेंगे।