डॉ०संजय (हाजीपुर)-वैशाली जिले में किसान रजिस्ट्री अभियान दिनांक 02 फरवरी से 06 फरवरी 2026 तक कैंप मोड में सघन रूप से संचालित किया जा रहा है। जिला प्रशासन के सुनियोजित प्रयासों, सतत अनुश्रवण एवं व्यापक जनसहभागिता के परिणामस्वरूप अब तक 1,80,000 से अधिक किसानों का सफल पंजीकरण सुनिश्चित किया जा चुका है ।
जिससे वैशाली जिला राज्य स्तर पर अग्रणी बना हुआ है।अभियान को पूर्णतः समावेशी बनाने के उद्देश्य से ग्रामीण क्षेत्रों के साथ-साथ शहरी एवं औद्योगिक क्षेत्रों पर विशेष ध्यान केंद्रित किया गया है, जहाँ बड़ी संख्या में किसान रोजगार के कारण अपने पंचायत अथवा प्रखंड से बाहर रहकर कार्य करते हैं।
ऐसे प्रवासी किसानों का पंजीकरण सुनिश्चित करने के लिए तकनीक आधारित प्रक्रिया, ओटीपी प्रमाणीकरण, डोर-टू-डोर अभियान तथा विशेष शिविरों का आयोजन किया जा रहा है जिससे कोई भी पात्र किसान पंजीकरण से वंचित न रहे।अभियान की प्रभावशीलता बनाए रखने के लिए नियमित वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा, स्पष्ट लक्ष्य निर्धारण, वास्तविक समय आधारित डेटा मॉनिटरिंग तथा अब तक अछूते क्षेत्रों की रणनीतिक पहचान कर त्वरित कार्यवाही की जा रही है।
इसके अतिरिक्त विभिन्न विभागों के समन्वित प्रयासों से अभियान को अंतर-विभागीय सहभागिता के साथ आगे बढ़ाया जा रहा है जिससे पंजीकरण की गति निरंतर तेज हो रही है।जिलाधिकारी ,वैशाली, वर्षा सिंह द्वारा अभियान की निरंतर मॉनिटरिंग, मैदानी समीक्षा एवं प्रेरक मार्गदर्शन प्रदान किया जा रहा है।
उनके नेतृत्व में प्रशासनिक टीम पूरी प्रतिबद्धता के साथ फील्ड में सक्रिय रहते हुए यह सुनिश्चित कर रही है कि प्रत्येक पात्र किसान तक अभियान की पहुँच बने और पंजीकरण की प्रक्रिया सरल, सुगम एवं पारदर्शी रूप से संपन्न हो।जिला प्रशासन का दृढ़ संकल्प है कि प्रत्येक पात्र किसान का समयबद्ध पंजीकरण सुनिश्चित किया जाए ताकि सभी किसान सरकारी योजनाओं के लाभ से सीधे जुड़ सकें और कृषि क्षेत्र में समावेशी विकास को गति मिल सके।
