डॉ०संजय (हाजीपुर)-
महाशिवरात्रि पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिला पदाधिकारी, वैशाली, वर्षा सिंह एवं पुलिस अधीक्षक, विक्रम सिहाग द्वारा हाजीपुर स्थित पातालेश्वर नाथ मंदिर का संयुक्त रूप से स्थलीय निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मंदिर परिसर, प्रवेश एवं निकास मार्ग, बैरिकेडिंग व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण प्रणाली, प्रकाश व्यवस्था एवं साफ-सफाई की तैयारियों का विस्तृत जायजा लिया। साथ ही श्रद्धालुओं के लिए पेयजल, चिकित्सा सहायता एवं आपातकालीन सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि महाशिवरात्रि के अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आगमन की संभावना को देखते हुए सुरक्षा एवं सुविधा की दृष्टि से किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाएगी।
जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा पातालेश्वर नाथ मंदिर के अतिरिक्त राजेंद्र चौक के समीप स्थित मंदिर तथा शहर के अन्य प्रमुख मंदिरों का भी स्थलीय निरीक्षण किया गया। सभी स्थलों पर सुरक्षा प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण, यातायात व्यवस्था एवं प्रकाश व्यवस्था की समीक्षा करते हुए आवश्यक निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि विधि-व्यवस्था संधारण के लिए पर्याप्त संख्या में दंडाधिकारी एवं पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। सीसीटीवी निगरानी, यातायात नियंत्रण, पार्किंग प्रबंधन तथा आपातकालीन प्रतिक्रिया तंत्र को सुदृढ़ रखने के निर्देश भी दिए गए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
इस अवसर पर अनुमंडल पदाधिकारी, हाजीपुर, नगर कार्यपालक पदाधिकारी, हाजीपुर,सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, हाजीपुर तथा अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
जिला प्रशासन, वैशाली,महाशिवरात्रि पर्व के सफल, शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित आयोजन के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है तथा सभी विभागों को समन्वित एवं सतर्क रहकर दायित्वों का निर्वहन करने का निर्देश दिया गया है।
