जनता के दरबार में डीएम: 58 फरियादियों की समस्याओं पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश

Rakesh Gupta
- Sponsored Ads-

हर सोमवार-शुक्रवार जनता से सीधा संवाद, डीएम ने दिखाई संवेदनशील प्रशासनिक पहल


छपरा। आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी समाधान की दिशा में जिला प्रशासन द्वारा एक सराहनीय पहल की जा रही है। इसी क्रम में प्रत्येक सोमवार एवं शुक्रवार को आयोजित होने वाले जनता के दरबार में जिलाधिकारी कार्यक्रम के तहत जिलाधिकारी स्वयं आम लोगों से सीधा संवाद कर उनकी शिकायतें सुन रहे हैं और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करा रहे हैं।

- Sponsored Ads-


शुक्रवार को आयोजित जनता दरबार में कुल 58 फरियादियों ने अपनी-अपनी समस्याएं जिलाधिकारी के समक्ष रखीं। जिलाधिकारी ने सभी मामलों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को स्पष्ट एवं समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए। जनता दरबार में आए अधिकांश आवेदन राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग से जुड़े हुए थे।


सदर प्रखंड की एक महिला आवेदिका ने राशन कार्ड आवेदन के बावजूद कार्ड निर्गत नहीं होने की शिकायत की, जिस पर जिलाधिकारी ने बीडीओ सदर को त्वरित कार्रवाई का निर्देश दिया।मांझी प्रखंड से आए एक आवेदक ने बिना स्थलीय मापी के फर्जी मापी रिपोर्ट बनाए जाने की शिकायत की, जिस पर सीओ मांझी को संबंधित भूमि की विधिवत मापी सुनिश्चित कराने का आदेश दिया गया। वहीं दो अलग-अलग मामलों में फर्जी दस्तावेजों के आधार पर गलत तरीके से जमाबंदी कायम किए जाने की शिकायत पर जिलाधिकारी ने संबंधित डीसीएलआर को जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।


वहीं गरखा प्रखंड के एक आवेदक ने नल-जल योजना के अंतर्गत अनुरक्षक के रूप में किए गए कार्य का भुगतान लंबित होने की शिकायत की, जिस पर प्रखंड विकास पदाधिकारी को शीघ्र भुगतान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।


इसके अतिरिक्त अन्य आवेदनों पर भी जिलाधिकारी ने गंभीरता दिखाते हुए संबंधित अधिकारियों को समस्या के निराकरण हेतु आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।


बता दें कि जनता दरबार के माध्यम से जिलाधिकारी की यह पहल संवेदनशील, जवाबदेह और जन-केंद्रित प्रशासन का सशक्त उदाहरण बन रही है, जिससे आम लोगों में प्रशासन के प्रति विश्वास और मजबूत हो रहा है।

- Sponsored Ads-
Share This Article
Leave a Comment