40 किमी की दूरी घटकर 15 किमी होगी, जनता को मिलेगा सीधा लाभ
छपरा। रिविलगंज क्षेत्र के निवासियों के लिए यह दिन खुशखबरी और गर्व का संदेश लेकर आया है। लंबे समय से प्रतीक्षित रिविलगंज-सिताब दियारा पीपा पुल निर्माण की दिशा में अब ठोस पहल शुरू हो गई है। छपरा विधायक छोटी कुमारी के निरंतर प्रयासों और विधानसभा में प्रभावी ढंग से उठाए गए सवालों का सकारात्मक परिणाम सामने आने लगा है।
विधायक छोटी कुमारी ने सदन में मजबूती से यह मुद्दा उठाते हुए कहा था कि रिविलगंज से सिताब दियारा के बीच पीपा पुल के निर्माण से क्षेत्र की तस्वीर बदल जाएगी। इस पुल के बन जाने से वर्तमान में लगभग 40 किलोमीटर की दूरी सिमटकर मात्र 15 किलोमीटर रह जाएगी। इससे न केवल समय और ईंधन की बचत होगी, बल्कि आम नागरिकों, किसानों, छात्रों और व्यवसायियों को आवागमन में बड़ी सहूलियत मिलेगी।
विधानसभा सत्र के दौरान विधायक द्वारा पूछे गए तारांकित प्रश्न के उत्तर में बिहार सरकार के पथ निर्माण विभाग ने आधिकारिक रूप से पुष्टि की है कि पीपा पुल निर्माण के लिए आवश्यक तकनीकी प्राक्कलन विभाग को प्राप्त हो चुका है। विभाग ने संसाधनों और प्राथमिकता के आधार पर इस परियोजना पर अग्रेतर कार्रवाई भी प्रारंभ कर दी है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस पुल के निर्माण से रिविलगंज और सिताब दियारा के बीच सामाजिक, शैक्षणिक और आर्थिक गतिविधियों को नया बल मिलेगा। साइकिल, रिक्शा और छोटे वाहनों से आवागमन संभव होने से ग्रामीण जनता को विशेष लाभ होगा।बहरहाल विधायक छोटी कुमारी के प्रयासों से यह बहुप्रतीक्षित मांग अब धरातल पर उतरने की ओर बढ़ रही है, जिससे क्षेत्र के विकास को नई गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
