हाजीपुर:महिला सशक्तिकरण की दिशा में आयोजित ‘जियो नन्ही परी’ कार्यक्रम

Rakesh Gupta
- Sponsored Ads-

डॉ०संजय( हाजीपुर)-समाज कल्याण विभाग, बिहार सरकार के अंतर्गत समेकित बाल विकास सेवाएं, वैशाली द्वारा मध्य विद्यालय, सुभई में “जियो नन्ही परी” कार्यक्रम का आयोजन गरिमामयी वातावरण में किया गया। कार्यक्रम में जिलाधिकारी, वैशाली, वर्षा सिंह एवं बिहार राज्य महिला आयोग की सदस्य, रश्मि रेखा सिन्हा की विशिष्ट उपस्थिति रही।कार्यक्रम का शुभारंभ पुष्पगुच्छ एवं अंगवस्त्र प्रदान कर स्वागत के उपरांत दीप प्रज्ज्वलन से किया गया। इस अवसर पर विभिन्न विभागों द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित स्टॉल लगाए गए जिनका अवलोकन कर महिला सशक्तिकरण, बाल संरक्षण, पोषण, स्वास्थ्य एवं सामाजिक सुरक्षा से जुड़ी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाई गई।

इस दौरान अपने संबोधन में जिलाधिकारी, वर्षा सिंह ने कहा कि बिहार में बेटियों की शिक्षा एवं सशक्तिकरण की दिशा में उल्लेखनीय प्रगति सरकार एवं समाज के संयुक्त प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने कहा कि कभी महिलाओं को निर्णय लेने और खुलकर बोलने की स्वतंत्रता नहीं थी, परंतु आज जीविका दीदियों ने स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से आर्थिक एवं सामाजिक परिवर्तन की नई मिसाल कायम की है। ₹10 की बचत से शुरू हुआ आंदोलन आज लाखों महिलाओं को आत्मनिर्भर बना चुका है। मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना सहित विभिन्न योजनाओं से महिलाओं को आर्थिक संबल मिल रहा है। अब आवश्यकता है कि जीविका उत्पादों की बेहतर ब्रांडिंग एवं मार्केटिंग कर उन्हें व्यापक बाजार उपलब्ध कराया जाए।जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि बेटियाँ बोझ नहीं, बल्कि परिवार और समाज की रोशनी हैं। लिंगानुपात में गिरावट गंभीर चिंता का विषय है। कन्या भ्रूण हत्या, दहेज प्रथा एवं बाल विवाह जैसी कुरीतियों के विरुद्ध समाज को एकजुट होकर आवाज उठानी होगी।

- Sponsored Ads-

उन्होंने महिलाओं से अपील की कि वे अन्याय, घरेलू हिंसा, दहेज एवं बाल विवाह की घटनाओं की गोपनीय सूचना प्रशासन को दें तथा कानून और हेल्पलाइन सेवाओं का उपयोग करें।जिला प्रशासन द्वारा “जियो नन्ही परी” अभियान की औपचारिक शुरुआत की गई जिसके तहत बेटी के जन्म पर परिवार को सरकारी योजनाओं की जानकारी, आवश्यक प्रपत्र, मार्गदर्शन एवं शुभकामना संदेश प्रदान किया जाएगा ताकि बेटी के जन्म को सम्मान और उत्सव के रूप में मनाया जा सके।कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी द्वारा एक शिशु का अन्नप्राशन संस्कार कराया गया तथा वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। “हेल्दी बेबी कार्यक्रम” के अंतर्गत तीन स्वस्थ शिशुओं को उनकी माताओं सहित पुरस्कृत किया गया।

इस पहल का उद्देश्य कुपोषण मुक्त समाज की दिशा में सकारात्मक प्रतिस्पर्धा एवं जागरूकता को बढ़ावा देना है।महिला एवं बाल विकास निगम तथा वन स्टॉप सेंटर द्वारा महिलाओं के अधिकार, सुरक्षा एवं सहायता संबंधी योजनाओं की विस्तृत जानकारी साझा की गई।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण जनता, विशेषकर महिलाओं की सक्रिय भागीदारी रही।अंत में जिलाधिकारी ने सभी महिलाओं से संकल्प दिलाया कि वे 10 बेटियों को बचाने, 10 बाल विवाह रोकने एवं 10 दहेज प्रथा के मामलों की सूचना देने का प्रण लें और समाज में सकारात्मक परिवर्तन की अग्रदूत बनें।जिला प्रशासन, वैशाली द्वारा बालिका सुरक्षा, पोषण, शिक्षा एवं महिला सशक्तिकरण की दिशा में सतत प्रयास जारी हैं। “जियो नन्ही परी” कार्यक्रम इस प्रतिबद्धता का सशक्त उदाहरण है।

- Sponsored Ads-
Share This Article
Leave a Comment