नगरा। नगरा प्रखंड के खैरा थाना क्षेत्र में पुलिस ने वाहन जांच अभियान के दौरान बड़ी कार्रवाई करते हुए अर्धनिर्मित पटाखा बरामद किया है तथा एक युवक को गिरफ्तार किया है। मिली जानकारी के अनुसार बुधवार को खोदाईबाग स्थित यूनियन बैंक के समीप खैरा पुलिस द्वारा नियमित वाहन जांच की जा रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध सीएनजी ऑटो को रोककर तलाशी ली गई।
जांच के क्रम में ऑटो से करीब 50 किलोग्राम अर्धनिर्मित पटाखा दो अलग-अलग प्लास्टिक बोरे में बरामद किया गया। पुलिस ने मौके पर ही ऑटो को जब्त कर लिया और उसमें सवार एक युवक को गिरफ्तार कर थाना लाया।
गिरफ्तार युवक की पहचान बलडिहा गांव निवासी अजीत कुमार के रूप में हुई है। वहीं इस संबंध में खैरा थानाध्यक्ष अखिलेश पासवान ने बताया कि बरामद अर्धनिर्मित पटाखा को जब्त कर लिया गया है और मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है तथा गिरफ्तार युवक से पूछताछ के आधार पर इस धंधे से जुड़े अन्य लोगों की पहचान के लिए छापेमारी की जा रही है। पूछताछ के बाद गिरफ्तार आरोपी युवक को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
