अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस पर बालिकाओं के अधिकार, शिक्षा एवं सशक्तिकरण को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

Rakesh Gupta
- Sponsored Ads-

दीपक कुमार, खगड़िया।

खगड़िया, 10 अक्टूबर। जिला पदाधिकारी, खगड़िया श्री विक्रम विरकर के निर्देशानुसार अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर बनारसी उच्च विद्यालय, सैदपुर, मानसी में बालिकाओं के अधिकार, शिक्षा, सुरक्षा एवं सशक्तिकरण को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।

- Sponsored Ads-

कार्यक्रम में बाल विकास परियोजना पदाधिकारी श्रीमती पुतुल कुमारी, महिला पर्यवेक्षक श्रीमती सीता कुमारी एवं श्रीमती प्रेमलता कुमारी, प्रखंड समन्वयक मनुएला मालविका तथा विद्यालय के शिक्षक उपस्थित रहे। इस दौरान बालिकाओं के साथ संवाद कर उन्हें उनके अधिकारों एवं सामाजिक दायित्वों के प्रति जागरूक किया गया।

कार्यक्रम में बालिकाओं को शिक्षा के महत्व, लैंगिक समानता, सुरक्षा एवं बाल विवाह के दुष्परिणामों की जानकारी दी गई। साथ ही, उन्हें अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने, आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने तथा जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया गया।

बालिकाओं की रचनात्मक प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से रंगोली, पेंटिंग एवं निबंध प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया गया। प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली बालिकाओं को स्कूल किट, सैनिटरी पैड, रूमाल, पानी की बोतल, कलर बॉक्स एवं छाता प्रदान कर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर बालिकाओं को प्रोत्साहित करते हुए उनके सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा, सुरक्षा, सम्मान एवं समान अवसरों की आवश्यकता पर बल दिया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बालिकाओं में आत्मविश्वास विकसित करना, उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक बनाना तथा उनकी प्रतिभा को उचित मंच प्रदान करना रहा।

जिला प्रशासन, खगड़िया बालिकाओं की शिक्षा, सुरक्षा, सम्मान एवं सशक्तिकरण सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। प्रशासन का प्रयास है कि प्रत्येक बालिका को सुरक्षित वातावरण, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और आगे बढ़ने के समान अवसर उपलब्ध हों, ताकि वे आत्मनिर्भर बनकर समाज एवं राष्ट्र के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे सकें।

- Sponsored Ads-
Share This Article
Leave a Comment