मनिअप्पा में व्यवसायिक प्रकोष्ठ कार्यालय का उद्घाटन, कई जिलों के पदाधिकारी और सैकड़ों कार्यकर्ता हुए शामिल
दीपक कुमार/खगड़िया, संवाददाता।
लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के व्यवसायिक प्रकोष्ठ में संगठनात्मक विस्तार करते हुए दीपक कुमार को बिहार प्रदेश प्रधान महासचिव एवं बेगूसराय-खगड़िया क्षेत्र का प्रभारी बनाया गया है। इस अवसर पर मनिअप्पा गांव में व्यवसायिक प्रकोष्ठ के कार्यालय का उद्घाटन किया गया। कार्यक्रम में संगठन को मजबूत बनाने और व्यवसायियों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाने पर जोर दिया गया।
बिहार प्रदेश व्यवसायिक प्रकोष्ठ के अध्यक्ष मनोज कुमार निराला की मौजूदगी में आयोजित कार्यक्रम में पार्टी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए। खगड़िया जिला अध्यक्ष मनीष कुमार सिंह, बेगूसराय विधि प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष किशन मुरारी सहाय तथा व्यवसायिक प्रकोष्ठ के प्रदेश उपाध्यक्ष रमन सिन्हा भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे।
पार्टी संगठन में नई जिम्मेदारियों के तहत दीपक कुमार को प्रदेश प्रधान महासचिव एवं बेगूसराय-खगड़िया क्षेत्र का प्रभारी बनाया गया। वहीं, संजीत राय को प्रदेश महासचिव तथा सुमित कुमार और सुदर्शन कुमार को प्रदेश उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई।
जनप्रतिनिधियों ने जताई खुशी
बेगूसराय के सांसद एवं केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह, खगड़िया के सांसद राजेश वर्मा तथा खगड़िया और बेगूसराय के विधायकों की ओर से दीपक कुमार की नियुक्ति पर खुशी जताए जाने की जानकारी दी गई। नेताओं ने संगठन को मजबूत बनाने और व्यवसायियों के हितों से जुड़े मुद्दों को उठाने की उम्मीद व्यक्त की। बखरी विधानसभा क्षेत्र के विधायक एवं गन्ना मंत्री ने भी दीपक कुमार को अपना छोटा भाई बताते हुए उनके प्रति विश्वास जताया।
छोटे व्यवसायियों से बड़े कारोबारियों तक की समस्याएं उठाने का भरोसा
प्रदेश अध्यक्ष मनोज कुमार निराला ने कहा कि व्यवसायिक प्रकोष्ठ दूध विक्रेताओं जैसे छोटे कारोबारियों से लेकर बड़े व्यवसायियों तक की समस्याओं को प्रशासन और सरकार के समक्ष उठाएगा। उन्होंने कहा कि संगठन से पुराने साथी फिर जुड़ रहे हैं और व्यवसायियों के हित में मिलकर काम किया जाएगा।
कार्यक्रम में व्यवसायिक प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष टुनटुन कुमार सहित कई पदाधिकारी, कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे। वक्ताओं ने संगठन को मजबूत बनाने तथा व्यवसायियों की आवाज को उचित मंच तक पहुंचाने का संकल्प व्यक्त किया।

