जमुई: 252 लीटर विदेशी शराब के साथ तस्कर गिरफ्तार

Rakesh Gupta
- Sponsored Ads-

मृगांक शेखर सिंह/ जमुई

जमुई जिले में बिहार सरकार की शराबबंदी नीति को धरातल पर कड़ाई से उतारने हेतु जिला प्रशासन पूरी तरह प्रतिबद्ध है। इसी कड़ी में जिला पदाधिकारी श्री नवीन के निर्देशानुसार जमुई उत्पाद विभाग ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। उत्पाद अधीक्षक श्री सुभाष कुमार के नेतृत्व में आज 252 लीटर विदेशी शराब एक निजी कार से महुली मोड़, (गिद्धौर-जमुई मुख्य मार्ग) बरामद की गईं।जिले में नशा मुक्त समाज की स्थापना के लिए जिला पदाधिकारी द्वारा निरंतर NCORD (Narco Coordination Centre) की नियमित बैठकें आयोजित की जा रही हैं, जिनमें ठोस रणनीति बनाकर इस तरह की प्रभावी कार्रवाइयों को अंजाम दिया जा रहा है।

- Sponsored Ads-

इसी कड़ी में उत्पाद विभाग की विशेष टीम द्वारा महुली मोड़, गिद्धौर-जमुई मुख्य मार्ग पर इस कार्रवाई को अंजाम दिया गया। गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस करवाई के दौरान झारखंड के जमुआ से जमुई कोर्ट मोड़ की ओर आ रही एक सिल्वर रंग की हुंडई वेरना कार (JH-09G-5284) को रोककर तलाशी ली गई। वाहन के अंदर से “रॉयल स्टैग” ब्रांड की 750ml और 375ml की कुल 624 बोतलें बरामद की गईं जिसकी कुल अनुमानित मात्रा 252 लीटर है। मौके से गिरिडीह निवासी तस्कर कमल कुमार दास को गिरफ्तार कर विधिसम्मत करवाई की जा रही है।


जिला प्रशासन जमुई नशाखोरी के सामाजिक , व्यक्तिगत जीवन और जन-स्वास्थ्य पर पड़ने वाले विनाशकारी प्रभावों को लेकर अत्यंत संवेदनशील है। नशे के इस काले कारोबार को जड़ से समाप्त करने के लिए प्रशासन न केवल दंडात्मक कार्रवाई कर रहा है, बल्कि सामाजिक जागरूकता पर भी विशेष बल दे रहा है। जिला प्रशासन की प्राथमिकता है कि भावी पीढ़ी को नशे की गिरफ्त से बचाकर जिले के स्वास्थ्य और सुरक्षा के मानकों को सुदृढ़ किया जाए।


इसी संदर्भ में जिला प्रशासन जमुई के समस्त जिलेवासियों से अपील करता है कि वे समाज के प्रति अपने उत्तरदायित्वों का निर्वहन करते हुए मादक पदार्थों के अवैध भंडारण, परिवहन, कालाबाजारी अथवा मुनाफाखोरी जैसे किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत प्रशासन से साझा करें। सूचना देने वाले सजग नागरिकों की पहचान को पूरी तरह गोपनीय रखा जाएगा। जिला प्रशासन का स्पष्ट मानना है कि जनता के सहयोग और प्रशासन की सजग मुस्तैदी के उचित समन्वय से ही जिले को पूर्णतः नशा मुक्त और सुरक्षित बनाया जा सकता है।

- Sponsored Ads-
Share This Article
Leave a Comment