भू-अर्जन से नल-जल तक: दिशा बैठक में पारदर्शिता और समयबद्धता पर जोर
अवैध अतिक्रमण, कचरा प्रबंधन और गैस कनेक्शन पर फोकस—दिशा बैठक में कई बड़े फैसले
छपरा। सारण के माननीय सांसद राजीव प्रताप रूडी की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में जिला स्तरीय विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के विकास कार्यों, योजनाओं की प्रगति और विभिन्न विभागों के बीच समन्वय को लेकर विस्तार से समीक्षा की गई।
बैठक की शुरुआत पिछली “दिशा” बैठक (22 अगस्त 2025) में उठाए गए बिंदुओं के अनुपालन की समीक्षा से हुई। सांसद ने बैठक को संबोधित करते हुए स्पष्ट निर्देश दिया कि जिन परियोजनाओं में भू-अर्जन हो रहा है, उनकी पूरी पारदर्शी सूची तैयार कर सभी सदस्यों को उपलब्ध कराई जाए, जिसमें मुआवजा भुगतान की स्थिति और तय समयसीमा भी शामिल हो।
दिशा अध्यक्ष सांसद राजीव प्रताप रूढ़ी ने नगर निगम छपरा में अमृत योजना के तहत 9951 घरों में नल-जल कनेक्शन देने की प्रक्रिया को प्राथमिकता से पूरा करने का निर्देश दिया गया। साथ ही, वृक्षों की जियो टैगिंग, वृक्षारोपण की मॉनिटरिंग और इसके लिए टास्क फोर्स गठन पर जोर दिया गया।
रेलवे से जुड़े लंबित परियोजनाओं के लिए समेकित सूची तैयार कर उच्च स्तर पर समन्वय स्थापित करने की बात कही गई। वहीं, सड़क और नाली निर्माण कार्यों में विभागीय तालमेल के लिए यूटिलिटी कोऑर्डिनेशन ग्रुप बनाने का निर्णय लिया गया।
नगर निकायों में कचरा प्रबंधन के लिए क्लस्टर आधारित व्यवस्था विकसित करने, विद्यालयों की भूमि से अतिक्रमण हटाने और राष्ट्रीय राजमार्गों के किनारे अवैध निर्माण पर कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए।
एलपीजी और पीएनजी आपूर्ति की समीक्षा करते हुए अधिक से अधिक घरों तक गैस कनेक्शन पहुंचाने पर बल दिया गया। साथ ही कृषि, सहकारिता, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं और कानून-व्यवस्था की भी समीक्षा की गई।
बैठक में जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाए गए मुद्दों पर त्वरित और समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। इस दौरान जिले के जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और विभिन्न विभागों के पदाधिकारी के अलावा सांसद महराजगंज -सह- सह अध्यक्ष दिशा सारण, विधान पार्षद डॉ० वीरेन्द्र नारायण यादव,विधान पार्षद सच्चिदानंद राय, विधान पार्षद डॉ० सुनील कुमार सिंह, विधायक जनक सिंह, विधायक मनोरंजन सिंह, विधायक विनय कुमार सिंह, विधायक सुरेंद्र राम, विधायक श्रीमती छोटी कुमारी, विधायक श्रीमती करिश्मा,महापौर छपरा नगर निगम श्री लक्ष्मी नारायण गुप्ता, जिला परिषद अध्यक्षा श्रीमती जयमित्रा देवी, विभिन्न प्रखंड प्रमुख, नगर निकायों के मुख्य पार्षद , जिलाधिकारी सह सदस्य सचिव दिशा सारण वैभव श्रीवास्तव , वरीय पुलिस अधीक्षक सह सदस्य (प्रशासन) श्री विनीत कुमार, वन प्रमण्डल पदाधिकारी श्री सोनू कुमार , उप विकास आयुक्त श्री लक्ष्मण तिवारी, अपर समाहर्त्ता, नगर आयुक्त, विभिन्न तकनीकी एवं गैर तकनीकी विभागों के जिला स्तरीय पदाधिकारी , सभी अनुमंडल पदाधिकारी, भूमि सुधार उपसमाहर्त्ता , सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी आदि उपस्थित थे।
