डॉo संजय (हाजीपुर)- चाहे जितनी बुद्धि लगाएं तस्कर, वैशाली पुलिस की है उनपर कड़ी नजर । क्योंकि, वैशाली पुलिस द्वारा इन दिनों जिले में अवैध मादक पदार्थों के सेवन एवं बिक्री पर रोकथाम तथा तस्करों की गिरफ्तारी के लिए निरन्तर अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में सराय थाना को 14 मई को गुप्त सूचना मिली कि अवैध मादक पदार्थ तस्कर होंडा वर्ना कार से अवैध मादक पदार्थ गांजा लेकर मुजफ्फरपुर के रास्ते हाजीपुर आने वाले हैं।
प्राप्त सूचना के सत्यापन एवं आवश्यक कार्रवाई के लिए पुलिस अधीक्षक, वैशाली, विक्रम सिहाग के निर्देशानुसार अनुoपुoपदाo, लालगंज के नेतृत्व में अंचलाधिकारी, भगवानपुर एवं थानाध्यक्ष, सराय द्वारा आवश्यक कार्रवाई करते हुए सरदार पटेल प्लाजा के पास से एक कार सवार 2 अवैध मादक पदार्थ तस्करों को 60.82 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थ गांजा के साथ गिरफ्तार किया गया। पूछताछ के क्रम में गिरफ्तार अभियुक्तों द्वारा सीतामढ़ी के रास्ते नेपाल से अवैध मादक पदार्थ की तस्करी करने की बात बतलाई गई है।
साथ ही गिरोह के अन्य सदस्यों का खुलासा भी किया गया है।इस सन्दर्भ में सराय थाना कांड संख्या – 161/26 दर्ज किया गया है और दोनों अभियुक्तों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। गिरफ्तार अभियुक्तों में राजन कुमार, पिता – वीरेंद्र पूर्वे, साo – परसा कला, थाना – भुतही, जिला – सीतामढ़ी का तथा पप्पू कुमार, पिता- सूरज पूर्वे, साo – भलुआहा,थाना- सोनबरसा, जिला – सीतामढ़ी का रहने वाला है। गिरफ्तार अभियुक्तों में से राजन कुमार का आपराधिक इतिहास रहा है जो मुजफ्फरपुर के अहियापुर थाना में भी दर्ज है।
गिरफ्तार अभियुक्तों से 60.82 किलोग्राम गांजा के साथ होंडा वर्ना कार, 03 मोबाइल और 2300 सौ रूपये नगद बरामद किए गए हैं। बीते दिनों 12 मई को भी विदुपुर थाना को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ मादक पदार्थ तस्कर ई- रिक्शा पर अवैध मादक पदार्थ गांजा लेकर पीपा पुल से चकौसन होते हुए हाजीपुर की ओर जानेवाला है तो अनुoपुoपदाo सदर -1, सुबोध कुमार के नेतृत्व में दंडाधिकारी एवं थानाध्यक्ष, विदुपुर के साथ त्वरित कार्रवाई करते हुए थानांतर्गत चकौसन ग्रामीण बैंक के पास ई- रिक्शा पर अवैध मादक पदार्थ गांजा लेकर जा रहे 05 तस्करों को 28.820 किलोग्राम अवैध गांजा के साथ गिरफ्तार किया गया था।
