डॉo संजय (हाजीपुर)- जिलाधिकारी, वैशाली, वर्षा सिंह (भा.प्र.से.) के निर्देश पर जिले के विद्यालयों में 65वीं सुब्रतो मुखर्जी कप इंटरनेशनल फुटबॉल टूर्नामेंट-2026 में भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए तैयारी प्रारंभ कर दी गई है। इस क्रम में जिला खेल पदाधिकारी – सह- वरीय उपसमहार्ता, वैशाली और जिला शिक्षा पदाधिकारी को तैयारी के लिए आवश्यक निर्देश दिये गए है ।
बिहार राज्य खेल प्राधिकरण, पटना के निर्देशानुसार 65वीं सुब्रतो मुखर्जी कप इंटरनेशनल फुटबॉल टूर्नामेंट-2026 का आयोजन 18 अगस्त 2026 से 25 सितम्बर 2026 तक नई दिल्ली में किया जाएगा। इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय स्तरीय विद्यालय फुटबॉल प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए प्री-सुब्रतो कप प्रतियोगिता में शामिल होने वाले सभी विद्यालयों के लिए ऑनलाइन निबंधन अनिवार्य किया गया है।
विद्यालयों को आधिकारिक वेबसाइट www.subrotocup.in� पर ₹2,000/- (दो हजार रुपये) शुल्क जमा कर अपना निबंधन कराना होगा। निबंधन के उपरांत ही विद्यालय की फुटबॉल टीम प्रतियोगिता में भाग लेने की पात्र होगी।
प्रतियोगिता के लिए आयु सीमा निम्न प्रकार निर्धारित की गई है—
अंडर-15 (बालक) : जन्म तिथि 01 जनवरी 2012 या उसके बाद।
अंडर-17 (बालक) : जन्म तिथि 01 जनवरी 2010 या उसके बाद।
अंडर-17 (बालिका) : जन्म तिथि 01 जनवरी 2010 या उसके बाद।
विद्यालयों के निबंधन की अंतिम तिथि 15 जुलाई 2026 निर्धारित की गई है, जबकि चयनित विजेता टीमों की सूचना भेजने की अंतिम तिथि 31 जुलाई 2026 तय की गई है।
जिलाधिकारी, वैशाली ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया है कि जिले के विद्यालयों में खिलाड़ियों की पहचान कर उन्हें नियमित अभ्यास एवं प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जाए ताकि वैशाली जिला इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन कर सके। साथ ही सभी विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों को समयबद्ध तरीके से निबंधन कराने एवं टीम गठन की प्रक्रिया पूर्ण करने का निर्देश देने को कहा गया है।
डीएम,वैशाली ने कहा है कि सुब्रतो मुखर्जी कप देश की सबसे प्रतिष्ठित विद्यालय स्तरीय फुटबॉल प्रतियोगिताओं में से एक है जो युवा खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर प्रदान करती है। इससे जिले में खेल संस्कृति को बढ़ावा मिलेगा तथा ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का मंच प्राप्त होगा।
जिलाधिकारी, वैशाली ने जिले के सभी विद्यालयों, खेल शिक्षकों एवं अभिभावकों से अपील की है कि वे अधिक- से – अधिक छात्र-छात्राओं को इस प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए प्रेरित करें तथा समय पर निबंधन एवं तैयारी सुनिश्चित कर वैशाली जिले को राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित करने में अपनी सहभागिता निभाएं।
