आम नागरिकों एवं सरकारी कर्मियों को सुलभ, गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए जिला पदाधिकारी,वैशाली, वर्षा सिंह ने समाहरणालय परिसर स्थित शहरी आयुष्मान आरोग्य मंदिर का विधिवत शुभारंभ किया।
इस अवसर पर जिला पदाधिकारी ने कहा कि स्वस्थ मानव संसाधन ही सुशासन की आधारशिला है। समाहरणालय परिसर में शहरी आयुष्मान आरोग्य मंदिर की स्थापना से आम नागरिकों के साथ-साथ यहां कार्यरत पदाधिकारियों एवं कर्मियों को कार्यस्थल के निकट ही नियमित स्वास्थ्य जांच एवं आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध होंगी जिससे समय पर स्वास्थ्य परीक्षण एवं उपचार सुनिश्चित किया जा सकेगा। यह आरोग्य मंदिर नागरिकों को निःशुल्क एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
शहरी आयुष्मान आरोग्य मंदिर में ईसीजी जांच, रक्तचाप (बीपी) जांच, रक्त शर्करा (ब्लड शुगर) जांच, निःशुल्क दवा वितरण, प्राथमिक स्वास्थ्य परामर्श सहित विभिन्न स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। इसके अतिरिक्त टेलीमेडिसिन के माध्यम से विशेषज्ञ चिकित्सकों से ऑनलाइन परामर्श एवं उपचार की भी व्यवस्था की गई है जिससे जरूरतमंद मरीजों को बेहतर चिकित्सकीय सलाह समय पर मिल सकेगी।
जिला पदाधिकारी, वर्षा सिंह ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिया कि शहरी आयुष्मान आरोग्य मंदिर में सभी आवश्यक दवाओं, जांच सुविधाओं एवं चिकित्सकीय सेवाओं की नियमित उपलब्धता सुनिश्चित की जाए ताकि यहां आने वाले प्रत्येक व्यक्ति को गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ प्राप्त हो सके।
शुभारंभ के प्रथम दिन ही आरोग्य मंदिर में 40 मरीजों का ओपीडी के माध्यम से स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा 5 मरीजों की ईसीजी जांच सफलतापूर्वक संपन्न हुई ।
