डॉo संजय (हाजीपुर )आयुक्त, तिरहुत प्रमंडल, मुजफ्फरपुर, गिरिवर दयाल की अध्यक्षता में वैशाली जिले के नीलाम पत्र वादों की विस्तृत समीक्षा बैठक सभागार में आयोजित की गई।
बैठक में वैशाली की जिला पदाधिकारी,वर्षा सिंह, पुलिस अधीक्षक, शुभांक मिश्रा सहित जिले के सभी नीलाम पत्र पदाधिकारी, बैंक के पदाधिकारी एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।बैठक में नीलाम पत्र वादों की अद्यतन स्थिति, लंबित मामले के निष्पादन, राजस्व वसूली की प्रगति तथा विभागवार कार्रवाई की गहन समीक्षा की गई।
आयुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी लंबित मामले का समयबद्ध एवं मिशन मोड में निष्पादन सुनिश्चित किया जाए तथा राजस्व वसूली में अपेक्षित प्रगति लाने के लिए प्रभावी रणनीति अपनाई जाए।
आयुक्त ने कहा कि नीलाम पत्र वादों के निष्पादन में किसी भी प्रकार का अनावश्यक विलंब स्वीकार्य नहीं होगा।
उन्होंने सभी नीलाम पत्र पदाधिकारियों को नियमित अनुश्रवण, प्रभावी समन्वय तथा विधिसम्मत कार्रवाई के माध्यम से वसूली प्रक्रिया में तेजी लाने का निर्देश दिया।
साथ ही बैंक एवं संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर लंबित मामले के त्वरित निष्पादन पर विशेष बल दिया गया।बैठक में यह भी निर्देश दिया गया कि सभी नीलाम पत्र पदाधिकारी सप्ताह में तीन दिन नियमित रूप से न्यायालय कार्य (कोर्ट कार्य) करते हुए मिशन मोड में मामले का निष्पादन सुनिश्चित करें।
प्रत्येक पदाधिकारी को माह में न्यूनतम 50 मामले के निष्पादन का लक्ष्य निर्धारित किया गया। इसके साथ ही सभी पदाधिकारियों को रिफ्रेशर प्रशिक्षण प्राप्त करने का भी निर्देश दिया गया ताकि कार्य निष्पादन की दक्षता में वृद्धि हो सके।आयुक्त ने सबसे पुराने एवं बड़े बकायेदारों को चिह्नित कर कर उसके त्वरित निष्पादन का निर्देश दिया।
साथ विभिन्न नीलाम वाद पदाधिकारियों द्वारा निर्गत वारंटों के त्वरित निष्पादन के लिए पुलिस अधीक्षक को भी निर्देश दिया।विभागवार लंबित वादों की समीक्षा करते हुए आयुक्त ने निर्देश दिया कि सभी नीलाम पत्र पदाधिकारी निर्धारित समय-सीमा के भीतर लंबित मामले का निष्पादन करें तथा प्रत्येक मामले की नियमित समीक्षा करते हुए प्रगति प्रतिवेदन उपलब्ध कराएं।जिला पदाधिकारी,वर्षा सिंह ने बैठक में वैशाली जिले में नीलाम पत्र वादों के निष्पादन एवं राजस्व वसूली की प्रगति से आयुक्त को अवगत कराया तथा उनके द्वारा दिए गए सभी निर्देशों का प्रभावी एवं समयबद्ध अनुपालन सुनिश्चित करने का भरोसा दिलाया।
जिला पदाधिकारी ने बैठक में उपस्थित सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया कि वे आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए राजस्व वसूली में तेजी लाएं तथा लंबित मामले का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करें।
