11 अक्टूबर से शुरू होगी जिला क्रिकेट लीग, सुपर डिवीजन के मैच कलर ड्रेस में कराने का फैसला
दीपक कुमार, खगड़िया
खगड़िया। जिला क्रिकेट संघ की स्पेशल जनरल बॉडी मीटिंग (SGM) सोमवार को जेएनकेटी स्टेडियम कैंपस स्थित संघ कार्यालय में आयोजित हुई। अध्यक्षता संघ के अध्यक्ष बाबूलाल शोर्य ने की।
बैठक में जिला क्रिकेट लीग सत्र 2026-27 सहित आगामी क्रिकेट गतिविधियों को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।बैठक में बाढ़ और वर्षा की प्रतिकूल परिस्थितियों को देखते हुए लीग की तिथि में संशोधन कर 11 अक्टूबर 2026 से आयोजन शुरू करने का सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया। सुपर डिवीजन, ए डिवीजन और जूनियर डिवीजन के आयोजन, प्रारूप और संचालन व्यवस्था को भी मंजूरी दी गई। सुपर डिवीजन के मुकाबले कलर ड्रेस में कराने का फैसला लिया गया।सत्र 2026-27 के लिए चयन समिति के गठन को भी स्वीकृति दी गई।
इसमें सदानंद प्रसाद को चेयरमैन तथा करमवीर कुमार, मुकेश कुमार और वरीय खिलाड़ी रजनीश कुमार को सदस्य बनाया गया। करमवीर कुमार साईं एनएस एनआईएस एवं बीसीसीआई क्वालिफाइड कोच हैं।बैठक में बिहार क्रिकेट संघ की आगामी प्रतियोगिताओं में खगड़िया की टीमों की भागीदारी, खिलाड़ियों के पंजीकरण, क्लब प्रतिनिधित्व, एनओसी एवं स्थानांतरण तथा अनुशासन संबंधी नियमों के अनुपालन पर भी चर्चा हुई। मैच अधिकारियों, अंपायर, स्कोरर, फिजियो/मेडिकल स्टाफ के साथ मैदान, पिच और खिलाड़ियों के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने पर सहमति बनी।
बैठक में उपाध्यक्ष विनोद कुमार, सचिव देवराज कुमार, संयुक्त सचिव संतोष कुमार, कोषाध्यक्ष बिट्टू कुमार, खिलाड़ी प्रतिनिधि रजनीश कुमार, पूर्व सचिव सदानंद प्रसाद और संरक्षक प्रविश यादव सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। राजेश कुमार, विक्रांत कुमार उर्फ विक्की आर्या, विक्की यादव, विक्की कुमार, सन्नी कुमार, विनोद झा, दीपक कुमार, केशव कुमार और कुंदन निषाद समेत विभिन्न क्लबों के पदाधिकारी व प्रतिनिधि भी शामिल हुए। संघ से संबद्ध 20 क्लबों के सचिव/अधिकृत प्रतिनिधियों ने बैठक में भाग लिया।बैठक में रखे गए सभी प्रस्तावों को सदस्यों ने सर्वसम्मति से पारित एवं अनुमोदित किया।
अध्यक्ष बाबूलाल शोर्य ने सभी क्लब प्रतिनिधियों और पदाधिकारियों का आभार जताते हुए आगामी सत्र को व्यवस्थित, पारदर्शी और अनुशासित तरीके से संचालित करने में सहयोग की अपील की।
